मकड़ाई समाचार छिंदवाड़ा| गुरुवार को एक साथ खेत गए किसान दंपती के शव खेत में बने मकान में मिले। किसान ने पेट दर्द से परेशान होकर फांसी लगाई, जबकि पति की मौत के सदमे में पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। मामला मोहखेड़ थाना अंतर्गत ग्राम मऊ का है। ग्राम में उस समय हड़कंप मच गया, जब गुरुवार की शाम को परिजनों ने किसान दंपती के शव खेत में बने मकान में देखे। किसान राजू दहेजवार 43 का शव मकान में फांसी पर लटका देखा गया, जबकि समीप उसकी पत्नी संगीता दहेजवार 38 का शव भी पड़ा था। पत्नी की मौत का कारण सदमे से होना बताया जा रहा है। घटना की जानकारी लगते ही तत्काल माेहखेड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसने मामले की जांच में जुट गई। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मऊ निवासी राजू दहेजवार 43 किसानी करता था। वह पिछले काफी समय से पेट दर्द की बीमारी से परेशान चल रहा था। जिसके चलते उसने गुरुवार को अपने खेत में बने मकान में फांसी लगा ली। पत्नी संगीता दहेजवार की भी मौके पर मौत हो गई। मोहखेड़ टीआइ गोपाल घासले के अनुसार महिला की मौत कैसे हुई इसकी स्थिति पीएम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट हो जाएगी। प्रथमद्ष्टया अटैक से मौत होना प्रतीत हो रहा है। जब उसका पति फंदे पर झूल रहा होगा तो पत्नी ने फंदे को काटने का प्रयास भी किया था, महिला के हाथ में हसिया था, इसी दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गई तथा उसकी भी मौत हो गई।पुलिस जांच में अब तक यह सामने आया है कि मृतक राजू अक्सर बीमार रहता था, जिसके चलते उसका इलाज नागपुर में भी चल रहा था। परिजनों ने भी बताया कि बीमारी के चलते मृतक काफी परेशान रहता था जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। गुरुवार की सुबह दंपती घर से साथ में निकले थे जब दोनों शाम तक घर नहीं आए तो उन्हें खेत में जाकर देखा गया था। तभी इस पूरे मामले की जानकारी परिजनों व ग्रामीणों को लग पाई थी।
ब्रेकिंग