मकड़ाई समाचार सतना। रैगांव विधानसभा उपचुनाव के 30 अक्टूबर को हुए मतदान का परिणाम आज सबके सामने होगा। पहले रुझान में भाजपा प्रत्याशी प्रतिमा बागरी 836 मतों से आगे हैं। दूसरे राउंड की मतगणना में भाजपा 219 वोट से आगे बताई जा रही है। रैगांव उपचुनाव में जनता ने किसे अपना उम्मीदवार चुना है इसका फैसला आज दोपहर बाद सामने आ जाएगा। तीसरा राउंड आते-आते भाजपा की लीड कम होती जा रही है। हालांकि अभी भी भाजपा ही बढ़त बनाए हुए है। भाजपा अब भी 64 मतों से बढ़त बनाए हुए है। चाथे राउंड में एक बार फिर भाजपा ने बढ़त बना ली है। अब यह बढ़त 220 मत की हो गई है। अभी तक कांग्रेस को कुल 11671 मत और भाजपा को 11891 मत प्राप्त हुए हैं। छटवें राउंड में भाजपा प्रत्याशी से कांग्रेस प्रत्याशी 692 मतों से आगे हो गईं हैं। दसवें राउंड तक कांग्रेस की बढ़त तीन हजार के पार पहुंच गई है। ग्यारवे राउंड तक यह आकड़ा 4270 पहुंच गया है।
ईवीएम में कैद मतों की गणना सुबह आठ बजे से शुरू हो गई। इसके लिए मतगणना स्थल पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। सतना के शासकीय उच्चतर माध्यमिक उत्कृष्ट शाला वेंकट क्रमांक-1 में बनाए गए मतगणना स्थल में मतों की गिनती की जा रही है। इसके पहले स्ट्रांग रूम के सामने राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता रात भर पहरा देते रहे। ज्ञात हो कि रैगांव विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 9 हजार 610 मतदाता हैं जिनमे से 1 लाख 43 हजार 213 मतदाताओं ने 30 अक्टूबर को अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
16 टेबल में 23 राउंड में मतगणना: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विधानसभा उप निर्वाचन क्षेत्र रैगांव के ईवीएम के मतों की गणना के लिए दो कक्षों में 14 टेबल लगाई गई हैं। जबकि डाक मतपत्रों की गणना के लिए एक कक्ष में दो टेबल लगाई गई हैं जहां मतगणना का कार्य प्रातः 8 बजे से शुरू किया गया। सबसे पहले डाक मत पत्र की गणना और फिर ईवीएम में कैद मतों की गणना होगी और चक्रवार परिणाम की घोषणा की जाएगी। गणना के दौरान एक चक्र की ईवीएम की गणना होने के बाद जब तक उसे वहां से हटाया नहीं जाता, तब तक दूसरे चक्र की ईवीएम की गणना शुरू नहीं की जाएगी।
काउटिंग के बाद ईवीएम और मतपत्र लेखा सीलबंद कर रखे जाएंगे। गणना कक्ष में प्रत्येक टेबल पर एक-एक गणना सहायक, गणना पर्यवेक्षक और माईक्रो आब्जर्वर तैनात किए गए हैं। गणना कक्ष में सुरक्षा जाली के दूसरी तरफ अभ्यर्थी के गणना एजेंट भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित क्रमानुसार बैठने की व्यवस्था की गई है। गणना कर्मियों का अंतिम रेण्डमाईजेशन प्रेक्षक और रिटर्निंग ऑफीसर की उपस्थिति में होगा तथा गणना कर्मचारियो की डी-कोडिंग का कार्य मतगणना स्थल पर किया जाएगा।
मतगणना स्थल पर ये नियम लागू: मतगणना स्थल पर रिटर्निंग ऑफीसर द्वरा धारा 128 की उद्घोषणा के साथ ही मतगणना प्रारंभ हो रही है। मतगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों कर्मचारियों को मतगणना स्थल पर प्रातः 6:30 बजे तक उपस्थित होने के निर्देश दिए गए थे, जबकि अभ्यर्थी एवं उनके गणना एजेंटों को प्रातः 7 बजे तक मतगणना स्थल पर प्रवेश कर लेने को कहा गया था। मतगणना स्थल पर अलग से मीडिया कक्ष बनाया गया है जहां मीडिया कर्मियों के बैठने का प्रबंध है।
मतगणना स्थल पर बिना प्रवेश पत्र धारी किसी व्यक्ति को प्रवेश नही दिया जा रहा और ना ही किसी व्यक्ति को इधर-उधर घूमने की अनुमति है। मतगणना स्थल पर अभ्यर्थी उनके एजेंट गणना कार्य में संलग्न अधिकारी-कर्मचारियो मीडिया कर्मियों सहित किसी भी व्यक्ति को मोबाइल, पान, तम्बाकू, बीड़ी, सिगरेट, माचिस, तरल पदार्थ, गुटखा एवं भोजन सामग्री ले जाने की इजाजत नहीं है।
69.04 फीसद हुआ था मतदान: पीठासीन अधिकारी की डायरी के अनुसार रैगांव विधानसभा में 69.04 फीसद मतदान 30 अक्टूबर को सुबह 7 शाम 6 बजे तक हुआ था। जिसमें 69.34 फीसद पुरुष तो 68.70 फीसद महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था।
16 प्रत्याशी मैदान में: रैगांव विधानसभा क्षेत्र से 16 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जिसमें से राष्ट्रीय क्रांतिकारी समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी एड. पुष्पेंद्र बागरी व सैनिक संमाज पार्टी के प्रत्याशी राजाभाइया कोरी ने बीच चुनाव मैदान में भी भाजपा का दामन थाम भाजपा प्रत्याशी को समर्थन दे दिया था। जबकि वर्तमान में भी चुनाव मैदान में कल्पना वर्मा (कांग्रेस), प्रतिमा बागरी (भाजपा), उपेंद्र दहायत (शिवसेना), धीरेंद्र सिंह धीरू (समाजवादी पार्टी), नंद किशोर प्रजापति (पीपल्स पार्टी ऑफ इंडिया (डेमोक्रेटिक)), कल्पना वर्मा (निर्दलीय), दद्दू प्रसाद अहिरवार (निर्दलीय), बच्चा सिसोदिया (निर्दलीय), बाल गोविंद चौधरी (निर्दलीय), डॉ. राजेन्द्र कुमार वर्मा (निर्दलीय), राजेन्द्र डोहर (निर्दलीय), राजेश कुमार सूर्यवंशी (निर्दलीय), राम गरीब चौधरी (निर्दलीय), रामनरेश चौधरी (निर्दलीय) शामिल हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज दोपहर तक आ जाएगा। यहां मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भाजपा के बीच माना जा रहा है।
मतगणना स्थल पर पुलिस का पहरा: मतगणना को शांतिपूर्ण ढंग से सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस और सुरक्षा की तगड़ी व्यवस्था की गई है। चारों तरफ पुलिस बैरिकेडिंग की गई है और मतगणना स्थल पर हर आने जाने वाले व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। यही नहीं मतगणना केंद्र के बाहर प्रवेश द्वार पर स्कैनर भी लगाया गया है और सभी की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। खुद पुलिस अधीक्षक सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
मतगणना अपडेट-
– पहले राउंड में भाजपा की प्रतिमा बागरी को मिले 3164 मत। कांग्रेस की कल्पना वर्मा को मिले 2228 मत।
– दूसरे राउंड तक भाजपा की प्रतिमा बागरी को कुल 6023 मत। कांग्रेस प्रत्याशी को मिले 5754 मत।
– तीसरे राउंड में कांग्रेस को 3145 मत। भाजपा को 2940 मत। कुल अंतर 64 मत।
– चौथा राउंड- कांग्रेस को 2772 मत। भाजपा को 2928 मत। कुल अंतर 220 मत।
– डाक मतपत्र की रुकी हुई गिनती कांग्रेस प्रत्याशी कल्पना वर्मा की नाराजगी के बाद जिला प्रशासन ने शुरू कराई।
– भाजपा के नेता मतगणना कक्ष में खुलेआम मोबाइल का कर रहे उपयोग। जबकि मतगणना कक्ष में पत्रकारों का भी मोबाइल ले जाना है प्रतिबंधित।
– छठवें राउंड में 692 वोट से कांग्रेस ने बनाई बढ़त, जल्द आएगा छटवें राउंड का परिणाम।
– सातवे राउंट में कांग्रेस को मिले 3131 मत। भाजपा को 2333 मत। अंतर- 1509 मत।
– सातवें राउंड तक कांग्रेस को कुल- 21372 मत। भाजपा को कुल -19863 मत।
– रैगांव के दिवंगत विधायक जुगुल किशोर बागरी के गृहगांव बसुधा में भाजपा को 222, कांग्रेस को मिले 138 मत।
– सातवे राउंड तक कांग्रेस की बढ़त से पार्टी कार्यताओं के चेहरे खिले।
आठवे राउंड में कांग्रेस को मिले 3229 मत। भाजपा को 2697 मत। कुल बढ़त- 2041 मत।
नौवे राउंड में कांग्रेस को – 2843 मत। भाजपा को – 2574 मत। कुल बढ़त – 2310 मत।
दसवे राउंड में कांग्रेस को – 3500 मत। भाजपा को – 2689 मत। कुल बढ़त 3121 मत।
दसवे राउंड तक कांग्रेस को कुल – 30944 मत। भाजपा को कुल – 27823 मत।
– ग्यारवां राउंड में कांग्रेस को – 3564 मत। भाजपा को – 2415 मत। बढ़त 4270 मत।
– अब तक कांग्रेस को 34508 मत। भाजपा को कुल 30238 मत।