पंडाल और जयमाल का स्टेज सज चुका था, दुल्हन भी हाथों में मेहंदी लगाए जीवन साथी के साथ भविष्य के सपने बुन रही थी
कन्नौज: कहते हैं, ऊपर वाला जोड़ियां बनाकर भेजता है..। तालग्राम की घटना भी कुछ इसी कहावत से जुड़ी हुई है। यहां पर शादी तय हुई और गोद भराई-वरीक्षा की रस्में अदा हुईं लेकिन शादी से पहले दूल्हा बरात से भाग निकला। किसी तरह दो दिन बाद उसे ढूंढकर वापस लाया गया तो अब दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। वर और कन्या पक्ष दोनों ही असमंजस में फंस गए और मामला पुलिस तक भी पहुंच गया। मामले का अंत हुआ तो कहावत भी सही साबित हुई।
बरात जाने से पहले दूल्हा फरार : मामला, कन्नौज के तालग्राम के चौखटा गांव का है। यहां रहने वाले अंगने लाल के बेटे रविकांत राजपूत की शादी इंदरगढ़ के गांव में तय हुई थी। वर और कन्या पक्ष ने वरीक्ष और गोदभराई की रस्में भी पूरीं की और शादी की तारीख तय हुई। दोनों ही घरों में शादी की तैयारी भी पूरी हो चुकी थीं और शनिवार को बरात जानी थी। रविकांत के घर पर बरात जाने के लिए रिश्तेदार और परिचत घर पर आ चुके थे। शनिवार शाम निकासी की रस्म भी पूरी की गई। उधर, कन्या पक्ष ने भी बरात के स्वागत की पूरी तैयारियां कर ली थीं, पंडाल और जयमाल का स्टेज सज चुका था। दुल्हन भी हाथों में मेहंदी लगाए जीवन साथी के साथ भविष्य के सपने बुन रही थी।
दोनों परिवारों में छाया सन्नाटा : चौखटा गांव में निकासी की रस्म के बाद बरात ले चलने की तैयारी की जा रही थी, कुछ वाहन रवाना हो चुके थे। बरात के बीच अचानक रविकांत साइकिल लेकर निकला और काफी देर तक वापस नहीं आया। इसपर उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन वह नहीं मिला। दूल्हे के फरार होने की जानकारी होते ही अफरा तफरी का माहौल बन गया। उसकी बहन ने थाने में गुमशुदगी दर्ज करा दी। इस बीच दुल्हन के घर के तक भी दूल्हा फरार होने की सूचना पहुंची तो शादी की खुशियों के बीच अचानक सन्नाटा पसर रह गए। भाई अनुराग कुमार ने कहा कि दूल्हे के गायब होने की जानकारी पर सभी सन्न रह गए और दुल्हन बनी बहन भी बारात आने का इंतजार करती रही। अनुराग ने भी वर पक्ष के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी।
दूसरे दिन मिला दूल्हा : वर पक्ष और कन्या पक्ष के साथ पुलिस ने भी दूल्हे की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दूसरे दिन रविवार को दूल्हा रविकांत रेलवे स्टेशन में मिला। वर पक्ष व वधू पक्ष दूल्हे को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने दूल्हे से पूछताछ के बाद स्वजन को सौप दिया। इसके बाद शादी की बात आगे बढ़ी तो अब दुल्हन ने शादी से इंकार कर दिया। वर व कन्या पक्ष के बीच काफी देर तक बहस होती रही और मामला थाने पहुंच गया। पुलिस के हस्तक्षेप पर काफी देर पंचायत हुई और आखिर शादी टूट गई। समझौते के अनुसार शादी में तय रकम के तीन लाख रुपये वर पक्ष ने वधू पक्ष को वापस करने की सहमति दी। इस शर्त के बाद दोंनो पक्ष घर लौट गए। थानाध्यक्ष कमल भाटी ने बताया कि लापता दूल्हा मिल गया है और दोनों पक्षों में समझौता हो गया है।
