घर वाले जबरदस्ती कर रहे थे शादी, दुल्हन ने बारात आने से पहले कुएं में कूदकर दी जान, परिवार में मचा कोहराम

एक युवती की मर्जी के खिलाफ घर वाले जबरदस्ती शादी कर रहे थे। बारात आने ही वाली थी ऐसे में दुल्हन ने कुएं में कूदकर जान दे दी। चर्चा है कि युवती शादी के लिए राजी नहीं थी। हालांकि, परिजनों का कहना कि उन्हें पता नहीं है कि उसने ऐसा क्यों किया। इस युवती की आत्महत्या के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
झांसी के सीपरी बाजार के बूढ़ा गांव निवासी प्रीति (20) पुत्री संजीव पाल की गुरुवार को बारात आनी थी। घर पर बारात के स्वागत की तैयारियां चल रहीं थीं। प्रीति की सगाई के बाद परिजन बुधवार को फलदान देने के लिए दूल्हे निखिल के घर कुम्हरा गांव गए थे। रात करीब 1 बजे वह लौटकर आए। पिता ने बताया कि सुबह दादी अंगूरी जब सोकर उठीं, तो प्रीति चारपाई पर नहीं थी। तब उसकी तलाश शुरू की। घर के पास कुएं के बाहर प्रीति की चप्पलें उतरी हुई मिलीं। कुएं में पानी था। ऐसे में कुछ नजर नहीं आया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को कुएं में उतारा। तलाश के थोड़ी देर बाद ही कुएं में प्रीति का शव बरामद हो गया। संजीव की तीन बेटियां और एक बेटा है, जिसमें प्रीति सबसे बड़ी थी। पिता ने बताया कि 3 माह पहले ही बेटी का रिश्ता तय हुआ था। शादी वाले घर में बेटी की मौत से कोहराम मच गया। रोते हुए पिता बोले कि बेटी ने आत्महत्या की है, लेकिन वजह साफ नहीं है। उन्होंने कहा कि जब तक वह फलदान करके आए थे, तब तक सब ठीक थी। फिर उसने जान क्यों दी। यह समझ नहीं आ रहा है।

जानकारी के अनुसार परिवार के लोगों ने बिना पूछे प्रीति का रिश्ता कुम्हार में तय कर दिया था। इससे वह नाखुश थी और शादी करने से इनकार कर दिया। लड़की की मां व दादी ने लड़की को समझाने की कोशिश की, इसके बावजूद वह शादी के लिए राजी नहीं थी। परिवार के लोगों ने बात नहीं मानी। गुरुवार रात फलदान हो गया। फलदान रस्म में पिता ने दामाद को बाइक और 11 हजार रुपए दिए थे। पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है, फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।

