लड़के ने चाचा के अवैध संबंधों के बारे में अपनी चाची को बता दिया था
देवरिया। एक 14 वर्षीय लड़के की उसके चाचा और चचेरे भाई ने हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि लड़के ने चाचा के अवैध संबंधों के बारे में अपनी चाची को बता दिया था। आरोपी की पहचान सौदागर यादव के रुप में हुई। सौदागर और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दरअसल लड़का 2 फरवरी को अपने घर से लापता हो गया था जिसका बाद 4 फरवरी को उसका शव झाड़ियों से बरामद किया गया। इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने कहा कि मृतक रौशन को उसके चाचा ने 2 फरवरी को मोबाइल हैंडसेट देने के बहाने बुलाया था। इसके बाद में सौदागर ने उसका अपहरण कर लिया और उसकी हत्या कर दी।

रुद्रपुर के एसएचओ यूके बाजपेयी ने कहा, रौशन ने सौदागर के अवैध संबंधों का खुलासा किया था। जिसके बाद पूरे गांव ने उसका मजाक उड़ाना शुरु कर दिया था और परिवार भी ताने देने लगा था। एसएचओ ने बताया कि आरोपी ने अपने बेटे के साथ मिलकर अपने भतीजे की हत्या की साजिश रची।
उसने रौशन को रुद्रपुर थाना क्षेत्र में अपने घर बुलाया और उसे एक मोबाइल फोन दिया। कुछ देर बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई और सौदागर ने रौशन से पूछा कि उसने अपनी चाची और पूरे गांव को उसके संबंधों के बारे में क्यों बताया। इसके बाद आरोपी ने मफलर से रौशन का गला घोंट दिया और अपने बेटे की मदद से शव को झाड़ियों में फेंक दिया।