ग्वालियर: मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट बदल ली है। बीते तीन-चार दिन से पारा चढ़ने से जहां ठंड में बदलाव आ गया था। वहीं, अब ताजा बारिश ने एक बार फिर पारा में गिरावट ला दी है। सोमवार को मुरैना, श्योपुर में तेज बारिश के साथ सोईकलां में ओले भी गिरे। वहीं, ग्वालियर, भिंड, नीमच में भी बारिश हुई।
ग्वालियर में सोमवार को पहले बादल छाए, इसके बाद 6 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से दक्षिण-पूर्वी हवा चली। इस दौरान बादलों के बीच सूरज छुप गया। शाम 5 से लेकर 7 बजे तक रिमझिम बारिश हुई। मावठ के चलते अधिकतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस गिरावट के साथ 28 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस बढ़त के साथ 9.2 डिग्री दर्ज किया गया।
मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार राजस्थान में ऊपरी हवा में चक्रवात बना हुआ है। इसी के चलते बारिश हुई है। अब तापमान में गिरावट आने के साथ ही बुधवार से शहर में कोहरा भी छाएगा। अगले 24 घंटे के दौरान बादल छाएंगे और कुछ क्षेत्रों में बूंदाबांदी हो सकती है।
