रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘तितली’ चक्रवात का असर कमजोर ही रहा है। शुक्रवार को कुछ जगहों में हल्की बारिश हुई, हवा की रफ्तार भी औसतन 15 किमी प्रति घंटा रही । हालांकि आने वाले 24 घंटे तक प्रदेश के कुछ जगहों पर अभी ‘तितली’ के असर से मध्यम बारिश होने की संभावना है। गौरतलब है कि मौसम विभाग ने ‘तितली’ को भीषण चक्रवात घोषित किया है और इसे लेकर लगाया गया पूर्वानुमान ओडिशा, आंध्रप्रदेश, पश्चिम बंगाल में दिखाई दिया। इन जगहों पर जन-धन की हानि के साथ जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ, लेकिन छत्तीसगढ़ महफूज है।
सिस्टम बदलने से करवट लिया वातावरण
‘तितली’ के असर से सुबह से रायपुर के आसामान पर बादलों का डेरा रहा। प्रदेश के सभी संभागों में हल्की बारिश दर्ज हुई। ज्यादातर जगहों पर सुबह से दोपहर तक बादल छाये रहे। हवा की रफ्तार बढ़ी फिर हल्की बूंदाबांदी हुई। रायपुर में तापमान दो डिग्री बढ़ गया है। गुरुवार को जहां रायपुर में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस था वह शुक्रवार को 32 डिग्री सेल्सियस रहा। हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड हुआ है।

पेंड्रारोड में सबसे कम तापमान
पेंड्रारोड में न्यूनतम तापमान 16.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम तापमान में प्रदेश के सरगुजा संभागों के जिलों में गिरावट हुई तथा शेष संभागों में मामूली वृद्धि दर्ज की गई। बस्तर, बिलासपुर, सरगुजा संभागों में सामान्य से काफी कम तापमान रिकार्ड किया गया। रायपुर संभाग में तापमान सामान्य रहा और दुर्ग में सबसे अधिक 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकार्ड हुआ ।
आज ऐसा रहेगा मौसम
‘तितली’ का असर फिलहाल कमजोर हो गया है। शनिवार को प्रदेश के कई जगहों पर बादल छाये रहेंगे। कुछ भाग में बारिश और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ सकती है। प्रदेश में अधिकतम तापमान व न्यूनतम तापमान क्रमशः 31 डिग्री सेल्सियस और 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

