रायपुर। चुनावी रण के दौरान राजनैतिक दल के नेता लगातार एक दूसरे पर बयानों के तरकस से वार करते नजर आ रहे हैं। एक तरफ भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने राजनांदगांव में प्रेस वार्ता लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा, तो दूसरी तरफ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका चतुर्वेदी ने रायपुर में प्रेस वार्ता के दौरान भाजपा को आढ़े हाथों लिया। प्रियंका ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार पूरे देश में महिला विरोधी मॉडल अपनाते हुए काम कर रही है।
बुधवार को राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में प्रियंका ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि देश में भाजपा की सरकार आने के बाद महिलाएं के लिए हालात बेहद खराब हुए हैं। हर एक क्षेत्र में सरकार महिला विरोधी मॉडल अपनाते हुए काम कर रही है।
इस महिला विरोधी मॉडल का पेटेंट रमन सरकार ने प्रदेश में अपने नाम से कराया है। महिलाएं लापता हो रहीं हैं। कुपोषण और अनीमिया की वजह से उनकी मौतें हो रही हैं। महिलाओं का शोषण हो रहा है, लेकिन सरकार को इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। देश की आधी आबादी सरकार की नीति की वजह से कमजोर पड़ रही है और अपने हक से वंचित हो रही है।


