अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के भाई इकबाल कासकर को अस्पताल में स्पेशल ट्रीटमेंट देने के आरोप में मुंबई पुलिस के पांच पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया गया है। इकबाल की अस्पताल में खासी तीमाददारी की गई। उसके लिए अस्पताल में बिरयानी मंगवाई गई और पुलिस वालों के सामने सिगरेट भी पीते देखा गया। दरअसल कोर्ट के आदेश पर उसके दांत दर्द और ब्लड शूगर के टेस्ट के लिए कासकर को गुरुवार को 10 घंटे के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
एक निजी चैनल द्वारा किए गए स्टिंग में कासकर अपने कुछ करीबी दोस्तों और रिश्तेदारों से भी मिलता हुआ दिखाई दे रहा है। इतना ही नहीं उसके लिए बिरयानी भी लाई गई। जब उसने पुलिस वालों के सामने सिगरेट पी तो उन्होंने कुछ नहीं कहा। वीडियो सामने आने के बाद मुंबई पुलिस ने अपने कर्मचारियों को संस्पेंड कर दिया। खबर के मुताबिक इकबाल ने मदद करने वाले सिपाहियों को पैसे दिए थे जिसके बाद उसे यह खास ट्रीटमेंट दिया गया।
बता दें कि इकबाल कासकर को जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया गया था। कासकर पर ठाणे इलाके के जूलर्स और बिल्डर्स से करीब 100 करोड़ रुपए की उगाही का आरोप है। वसूल किया गया पैसा उसने दाऊद तक भी पहुंचाया। हालांकि कासकर इन आरोपों को सिरे से खारज करता आया है।


