गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पार्रिकर के खराब स्वास्थ्य को लेकर राज्य में राजनीतिक उठापटक चल रही है। मुख्यमंत्री की तबीयत खराब होने के बाद से ही कांग्रेस ने राज्य में सरकार बनाने को लेकर जद्दोजहद शुरू कर दी है। इसी बीच कांग्रेस नेता ने पार्रिकर को लेकर विवादित बयान दे दिया है। कांग्रेस नेता जीतेंद्र देशप्रभु ने कहा कि गोवा के सीएम कहीं नहीं दिख रहे हैं, ना तो सार्वजनिक तौर पर और ना ही व्यक्तिगत तौर पर। हमारे मन में इस प्रकार की शंकाएं पैदा हो रही हैं, क्या अभी मुख्यमंत्री हैं भी या नहीं। उन्होंने कहा कि पार्रिकर 14 अक्टूबर से दिखाई नहीं दिए हैं, संभवत: वह जीवित नहीं हैं। यदि मुख्यमंत्री नहीं हैं, तो उनका उठाला करो और श्राद्ध निकालो।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के ईद-गिर्द रहने वाले अधिकारियों का एक समूह उनकी अनुपस्थिति में अवैध तरीके से निर्णय ले रहा है। वहीं भाजपा ने इस पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने राजनीतिक बातचीत के स्तर को गिरा दिया है।
गौरतलब है कि पार्रिकर दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान से 14 अक्टूबर को लौटने के बाद से एक बार भी सार्वजनिक रूप से नहीं दिखे हैं। वह अपने निजी निवास में बिस्तर पर हैं। स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने 27 अक्टूबर को पहली बार आधिकारिक रूप से घोषणा की थी कि पर्रिकर पैंक्रियाटिक कैंसर से जूझ रहे हैं।


