रायपुर: छत्तीगसढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए राज्य के सभी राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। शुक्रवार को जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नक्सल प्रभावित बस्तर में चुनाव प्रचार करेंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी दो दिनों में पांच सभाएं कर पार्टी के उम्मीदवारों के लिए वोट मांगेंगे। राज्य में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने आज यहां बताया कि विधानसभा चुनाव प्रचार के लिए पीएम मोदी 9 नवम्बर को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। पहले चरण के चुनाव प्रचार के लिए पहली बार छत्तीसगढ़ आ रहे मोदी सुबह 11.20 बजे रायपुर विमानतल पहुंचेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री रायपुर से हेलीकॉप्टर से जगदलपुर रवाना होंगे। भाजपा नेताओं ने बताया कि जगदलपुर में आम सभा के बाद मोदी 2 बजकर पांच मिनट पर जगदलपुर से प्रस्थान करेंगे। प्रधानमंत्री 3.25 बजे रायपुर पहुंचेंगे और 3.30 बजे वापस दिल्ली रवाना होंगे। प्रधानमंत्री की सभा में मुख्यमंत्री रमन सिंह भी मौजूद रहेंगे।
राहुल 2 दिन रहेंगे छत्तीसगढ़
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी शुक्रवार और शनिवार को छत्तीसगढ़ प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान गांधी अपनी पार्टी के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करेंगे। राज्य में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने बताया कि राहुल गांधी शुक्रवार को सुबह 11 बजे नियमित विमान से रायपुर पहुंचेंगे। इसके बाद वह कांकेर जिले के पखांजुर के लिए रवाना होंगे।
राहुल का शेड्यूल

- पखांजुर में दोपहर 12.00 बजे से दोपहर 1.00 बजे तक आम सभा को संबोधित करेंगे। राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ के लिए रवाना होंगे और दोपहर 2.00 बजे से दोपहर 3.00 बजे तक खैरागढ़ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
- राहुल दोपहर 3.15 बजे खैरागढ़ से डोंगरगढ़ के लिए रवाना होंगे और दोपहर 3.30 बजे से शाम 4.00 बजे तक डोंगरगढ़ में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे।
- शाम को राजनांदगांव पहुंचेंगे और वहां शाम 5 बजे से 6.30 बजे तक रोड-शो करेंगे। गांधी राजनांदगांव में विश्राम करेंगे।
10 नवंबर का शेड्यूल
- 10 नवंबर को राहुल राजनांदगांव से कांकेर जिले के चारामा पहुंचेंगे और चारामा में दोपहर 12.00 बजे से 1.00 बजे तक आमसभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह कोंडागांव के लिए रवाना होंगे।
- दोपहर 2.15 बजे से दोपहर 3 बजे तक कोंडागांव में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे और बाद में वह जगदलपुर के लिए रवाना होंगे।
- जगदलपुर में दोपहर 3.45 बजे से शाम 4.45 बजे तक पार्टी कार्यकर्त्ताओं की बैठक लेंगे और बाद में नियमित विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
2 चरणों में होंगे मतदान
छत्तीसगढ़ में हो रहे विधानसभा चुनाव में दो चरणों मे मतदान होगा। पहले चरण में इस महीने की 12 तारीख को बस्तर क्षेत्र के सात जिले और राजनांदगांव जिले की 18 सीटों अंतागढ़, भानुप्रतापपुर, कांकेर, केशकाल, कोंडागांव, नारायणपुर, बस्तर, जगदलपुर, चित्रकोट, दंतेवाड़ा, बीजापुर, कोंटा, राजनांदगांव, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, खुज्जी, खैरागढ़ और मोहला-मानपुर पर मतदान होगा। इन सीटों में से 12 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए तथा एक सीट अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित है। पहले चरण में राजनांदगांव से मुख्यमंत्री रमन सिंह और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की भतीजी चुनाव मैदान में हैं। वहीं, पहले चरण में रमन मंत्रिमंडल के दो सदस्यों और एक भाजपा सांसद के भाग्य का भी फैसला होना है। राज्य में भाजपा पिछले 15 वर्षों से सत्ता में है और इस बार वह 65 सीटों पर जीत के साथ चौथी बार सरकार बनाने का प्रयास कर रही है। वहीं कांग्रेस इस बार सत्ता में आने का प्रयास कर रही है। राज्य में सरकार बचाने और बनाने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपनी ताकत झोंक दी है। इधर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ (जे) बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर चुनाव मैदान में है जिससे कई सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला होने की संभावना है। राज्य में वर्ष 2013 में हुए विधानसभा चुनाव में 90 सीटों में से 49 सीटों पर भाजपा ने और 39 सीटों पर कांग्रेस ने जीत हासिल की थी। वहीं एक-एक सीट पर बसपा और निर्दलीय उम्मीदवार ने जीत हासिल की थी।

