भोपाल: विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी ने भोपाल-उत्तर सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आरिफ अकील के खिलाफ फातिमा रसूल सिद्दिकी को चुनावी मैदान में उतारा है। पत्रकारों ने फातिमा से राजनीति के अनुभव के बारे में सवाल किया तो फातिमा ने कहा कि ऐसा नही है कि उनके पास कोई एक्सपीरियंस नही है। अभी थोड़ा एक्सपीरियंस है और बाकी थोड़े दिनों में हो जाएगा। कोई भी पेट से अनुभव लेकर पैदा नही होता, यहां आकर सीखता है , जिनके पास सालों का तर्जुबा है उन्होंने आज तक क्या उखाड़ दिया। यूथ है और हम इस बार करके दिखाएंगें।
फातिमा पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता मरहूम रसूल अहमद सिद्दीकी की बेटी हैं। फातिमा के खिलाफ मैदान में खड़े आरिफ भोपाल-उत्तर सीट से कांग्रेस के वर्तमान विधायक हैं। इतना ही नहीं, वह 1992 से अब तक लगातार चुनाव जीतते आ रहे हैं। ऐसे में फतिमा की चुनावी डगर इतनी आसान भी नहीं है। लेकिन बावजूद इसके वे जीत का दंभ भर रही है।


