वैश्विक बाजार में कच्चे तेल के दाम में पिछले दिनों आई गिरावट के बाद भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतें रोजाना कम हो रही हैं, जिससे वाहन चालक ही नहीं, आम उपभोक्ताओं को भी त्योहारी सीजन में महंगाई से राहत मिली। सोमवार को दिल्ली में पेट्रोल कीमतों में 17 पैसे प्रति लीटर कमी दर्ज की गई। इससे दिल्ली में पेट्रोल के दाम 77.56 रुपए प्रति लीटर हो गए। वहीं, डीजल की कीमत में 15 पैसे की गिरावट दर्ज की गई। दिल्ली में डीजल 72.31 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई समेत पूरे महाराष्ट्र में भी लोगों को तेल की कीमत में थोड़ी राहत मिली है। महाराष्ट्र में पेट्रोल की कीमत में 17 पैसे की गिरावट दर्ज की गई। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 17 पैसे गिरकर 83.07 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गई, जबकि डीजल की कीमत में 16 पैसे की गिरावट दर्ज की गई और डीजल 75.76 रुपए प्रति लीटर पर पहुंच गया।
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के अनुसार, दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और चेन्नई में सोमवार को पेट्रोल के दाम क्रमश: 77.56 रुपए, 79.49 रुपए, 83.07 रुपए और 80.56 रुपए प्रति लीटर दर्ज किए गए हैं। चारों महानगरों में डीजल क्रमश: 72.31 रुपए, 74.17 रुपए, 75.76 रुपए और 76.43 रुपए प्रति लीटर हो गया है।

चारों महानगरों में पेट्रोल-डीजल की कीमत
शहर | पेट्रोल | डीजल |
दिल्ली | 77.56 | 72.31 |
मुंबई | 83.07 | 75.76 |
चेन्नई | 80.56 | 76.43 |
कोलकाता | 79.49 | 74.17 |
बता दें कि रविवार को दिल्ली में पेट्रोल की कीमतों में 16 पैसे प्रति लीटर की कमी हुई थी। इसके बाद राजधानी में पेट्रोल के दाम 77.73 रुपए प्रति लीटर हो गए थे। वहीं, डीजल के दामों में 12 पैसे प्रति लीटर की कमी होने के बाद रविवार को इसके रेट 72.46 रुपए प्रति लीटर हो गए थे। मुंबई में भी पेट्रोल के दामों में 16 पैसे प्रति लीटर की कटौती हुई थी। इसके बाद यहां पेट्रोल के दाम 83.24 रुपए प्रति लीटर हुए थे। वहीं, डीजल की कीमतें 13 पैसे लीटर कम होकर 75.92 रुपए प्रति लीटर हो गई थीं।
पंजाब में पेट्रोल-डीजल के दाम
जालंधर | 82.75 | 72.10 |
लुधियाना | 83.22 | 72.50 |
अमृतसर | 83.36 | 72.63 |
पटियाला | 83.15 | 72.44 |
बीते माह 4 अक्टूबर को दिल्ली में पेट्रोल 84 रुपए लीटर तथा मुंबई में 91.34 रुपए लीटर पहुंच गया था। उस दिन डीजल दिल्ली में 75.45 रुपए लीटर तथा मुंबई में 80.10 रुपए लीटर था। इससे पहले इन दोनों ईंधनों के दाम में 16 अगस्त से लगातार बढ़ते आ रहे थे। आंकड़ों के अनुसार, 16 अगस्त से 4 अक्टूबर के दौरान पेट्रोल 6.86 रुपए प्रति लीटर तथा डीजल 6.73 रुपए लीटर महंगा हुआ था।