भोपाल: MP विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान मैहर के दशहरा मैदान में कांग्रेस चुनाव समिति के अध्यक्ष ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक रैली के दौरान BJP पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि, 28 नवंबर को BJP को निर्वस्त्र करके वापस भेजना है। सिंधिया ने कहा कि, शिवराज सिंह कहते हैं ’15 साल बेमिसाल’। लेकिन हाल तो दूसरा है। सूबे में किसान को दाम नहीं मिल रहा। गरीब को खाना नहीं, नौजवान को काम नहीं, महिला सुरक्षित नहीं। इन मुद्दों से सूबे के मुखिया बेखबर हैं। शिवराज सिंह को चिंता नहीं है। सिंधिया ने कहा कि, आने वाली 28 तारीख को BJP को यहां से निर्वस्त्र करके भेजना है।
सिंधिया ने आगे कहा कि, 15 साल बेमिसाल नहीं, 15 साल में इन्होंने मध्य प्रदेश को बेहाल करने का काम किया है। मैहर भी स्मार्ट सिटी की घोषणा कर दी गई, मुंगावली में चुनाव में स्मार्ट सिटी की घोषणा कर दी गई, कहा था कि मैहर को जिला बनाने का काम भाजपा सरकार करेगी। लेकिन तारीख नहीं बताएंगे। जो राम मंदिर के साथ वे (बीजेपी) कर रहे हैं, वही मैहर माता के यहां भी कर दिया। भाजपा को इसका श्राप जरूर लगेगा।


