विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी का दौर जारी है। राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप प्रत्यारोप लगाने से भी पिछे नहीं हट रहे हैं। इसी बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीपी जोशी ने प्रधानम़त्री नरेंद्र मोदी और उमा भारती को लेकर विवादित बयान दे दिया है जिस पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी कड़ी आपत्ति जताई है।
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री उमा भारती के संदर्भ सीपी जोशी के कथित विवादित बयान को खारिज करते हुए उन्हे खेद प्रकट करने को कहा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सी पी जोशी जी का बयान कांग्रेस पार्टी के आदर्शों के विपरीत है। पार्टी के नेता ऐसा कोई बयान न दें जिससे समाज के किसी भी वर्ग को दु:ख पहुंचे।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस के सिद्धांतों, कार्यकर्ताओं की भावना का आदर करते हुए जोशीजी को जरूर गलती का अहसास होगा। उन्हें अपने बयान पर खेद प्रकट करना चाहिए। सोशल मीडिया एवं कुछ चैनलों पर प्रसारित वीडियो के मुताबिक जोशी प्रधानमंत्री मोदी एवं उमा भारती की जाति पर कथित तौर पर सवाल करते हुए कह रहे हैं कि धर्म पर केवल ब्राह्मण ही बात कर सकते हैं।

कहा जा रहा है कि जोशी ने यह कथित बयान राजस्थान के नाथद्वारा में दिया है जहां से वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। विवाद बढऩे पर सीपी जोशी ने ट्वीट कर भाजपा पर उनके बयान को तोड़-मोड़कर पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बीजेपी ने उनके बयान को गलत तरीके से पेश किया है, वो इसकी कड़ी निंदा करते हैं।

