श्रीनगरः जम्मू-कश्मीर के शोपियां जिले में रविवार को तड़के घेराबंदी और तलाश अभियान के दौरान सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए जबकि एक जवान घायल हो गया। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि राष्ट्रीय राइफल, राज्य पुलिस के विशेष अभियान समूह और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने शोपियां के कपरान में आतंकवादियों के छिपे होने की खुफिया सूचना पर संयुक्त तलाश अभियान शुरु किया था।
शोपियां में अफवाह को फैलने से रोकने के लिए मोबाइल इंटरनेट सेवाओं पर रोक लगा दी गयी है। किसी प्रकार के प्रदर्शन को रोकने के लिए घटनास्थल पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। सुरक्षा बलों के हाथों शुक्रवार से दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है। इससे पूर्व अनंतनाग में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में छह आतंकवादी मारे गए थे। अंतिम रिपोर्ट मिलने तक सुरक्षा बलों का अभियान जारी था।


