दशहरे के मंच से प्रज्ञा ठाकुर के विवादित बोल, कांग्रेसियों को सुनाई खरी-खोटी, पीसी शर्मा ने छोड़ा मंच
मकड़ाई समाचार भोपाल। अपने विवादित बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहने वाली भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने हाल में एक बार फिर ऐसा बयान दिया, जिस पर विवाद उठ गया है। मौका था राजधानी के मोतीलाल विज्ञान महाविद्यालय के मैदान पर दशहरा पर्व पर श्रीजी सांस्कृतिक महोत्सव समिति की ओर से रावण दहन कार्यक्रम का, जहां वे शिरकत करने पहुंची थीं। यहां पर कांग्रेसियों पर निशाना साधते हुए कहा कि एक कांग्रेसी विधायक ने मेरे बीमार होने पर शहर भर में गायब होने के पोस्टर लगवा दिए। कांग्रेस के विधायक खुद ही अपनी-अपनी विधानसभा में नहीं दिखते हैं। यह सुनकर कांग्रेस विधायक व पूर्व मंत्री पीसी शर्मा मंच से उठकर चले गए। आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। इस घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस मामले में अब पीसी शर्मा ने साध्वी प्रज्ञा ठाकुर की जमानत रद करने की भी मांग की है।


