वॉशिंगटन/मॉस्कोः अमेरिकियों के चांद पर पहुंचने के मिशन पर सवाल उठाते हुए रूस की स्पेस एजेंसी रॉस्कोमॉस के प्रमुख दिमित्री रोगोजिन ने कहा कि वे चांद के लिए जल्द ही एक मिशन लॉन्च करेंगे। इसकी मदद से यह पता लगाया जाएगा कि चंद्रमा पर कदम रखने के अमेरिकन मिशन सही थे या नहीं। रोगोजिन ने इस संबंध में शनिवार को ट्वीट भी किया। उन्होंने लिखा, ‘‘हमने उड़ान के लिए लक्ष्य तय कर दिया है।
इस मिशन की मदद से पुष्टि की जाएगी कि अमेरिका चांद पर पहुंचा था या नहीं।’’ रोगोजिन ने यह बात एक सवाल के जवाब में कही। सवाल में पूछा गया था कि 50 साल पहले क्या नासा हकीकत में चांद पर सतह तक पहुंचा था। सवाल का जवाब देते वक्त रोगोजिन मुस्करा रहे थे। ऐसे में उनकी बात को मजाक समझा गया, लेकिन नासा के चंद्र मिशन को लेकर रूस कई बार टिप्पणी कर चुका है।
1970 के दौर में सोवियत संघ ने चार बार रॉकेट चांद पर भेजे, लेकिन सफल नहीं हुआ। इसके बाद सोवियत संघ ने अपना चंद्र मिशन रोक दिया था। 2015 के दौरान भी रूसी जांच समिति के पूर्व प्रवक्ता ने नासा के चंद्र मिशन की जांच कराने की बात कही थी।


