मकड़ाई समाचार बेड़िया। नगर के सेल्दा बेड़िया रोड पर झंडा लगाने के नाम पर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना गहरा गया कि दोनों पक्षों के बीच मारपीट और पथराव की स्थिति निर्मित हो गई। जिससे एक पक्ष के चार लोगों को चोटें भी आई है। स्थिति को संभालने के लिए तत्काल पुलिस मौके पर पहुंची। देखते ही देखते पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। दोनों पक्ष आक्रोशित होकर नारेबाजी कर एक दूसरे के खिलाफ दोषारोपण कर रहे थे। दोनों पक्षों के बीच काफी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। स्थिति को बिगड़ते देख पुलिस को हल्की लाठी भी भांजनी पड़ी, ताकि लोगों को इलाके से खदेड़ा जा सके। मामले में कोमल राठौर, आकाश राठौर, दीपक सोनी व तरुण राठौड़ घायल हुए। जिनका मेडिकल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ। लोगों का आरोप है कि पुलिस व प्रशासन की लापरवाही के चलते विवाद की स्थिति बनी। मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ता व नगरवासी थाने पहुंचे ओर आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज की मांग की। थाना प्रभारी वर्षा सोलंकी ने बताया कि झंडे लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद की स्थिति बनी थी। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर मामले को शांति किया है। एसपी को मामले की जानकारी दी है। आरोपितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा।
बेड़िया में हुए विवाद के मामले में पुलिस थाने पर फिलहाल करीब 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जिसमें कुछ नामदज और कुछ अज्ञात लोग शामिल है। मामले की जांच की जा रही है।
– जितेंद्रसिंह पंवार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, खरगोन


