
मकड़ाई समाचार हरदा। जिले में राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह की व्यापक तैयारियां जारी है। आगामी 26 जनवरी 2022 को मुख्य समारोह नेहरू स्टेडियम में पूर्ण गरिमा के साथ समारोह पूर्वक आयोजित किया जायेगा। समारोह की तैयारियों के लिए कलेक्टर श्री संजय गुप्ता की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक शनिवार को आयोजित की गयी। बैठक में कलेक्टर श्री संजय गुप्ता ने उपस्थित अधिकारियों को समारोह की सभी तैयारियां निर्धारित समय पर पूरी करने के निर्देश दिये। बैठक में अपर कलेक्टर जे.पी. सैयाम, संयुक्त कलेक्टर डी. के .सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सहित अन्य संबंधित विभागों अधिकारी मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर श्री गुप्ता ने राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस समारोह आयोजन की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिये अधिकारियों को विभागवार दायित्व सौपे। उन्होंने निर्देश दिये कि सभी विभाग सौपे गये कार्यों को पूर्ण गंभीरता के साथ करें। समारोह आयोजन की सभी तैयारियां राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप हो। बैठक में बताया गया कि विभिन्न प्लाटूनों द्वारा परेड प्रस्तुत की जायेगी। राज्य शासन की योजनाओं, कार्यक्रमों तथा उपलब्धियों पर आधारित आकर्षक झांकियां भी विभिन्न विभागों द्वारा निकाली जायेंगी।
