काठमांडू। नेपाल में भ्रष्टाचार और सोशल मीडिया पर बैन के खिलाफ जेन-जी प्रदर्शन के उग्र होने के बाद प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को पद से इस्तीफा देना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाली पीएम ओली ने काठमांडू में हिंसक विरोध प्रदर्शन के बीच मंगलवार को पद से इस्तीफा दे दिया। इससे पहले नेपाल के तीन मंत्रियों ने भी पद से इस्तीफा दे दिया था।
मीडिया समहू ‘द हिमालयन’ की रिपोर्ट के मुताबिक, नेपाल के राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल ने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली का इस्तीफा आधिकारिक तौर पर स्वीकार कर लिया है।
विरोध प्रदर्शनों में भारी हिंसा के बाद पीएम ओली ने मंगलवार शाम को एक सर्वदलीय बैठक बुलाई थी. उन्होंने प्रदर्शनकारियों से एक अपील में कहा था, “मैं स्थिति का आकलन करने और एक सार्थक निष्कर्ष निकालने के लिए संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर रहा हूं। इसके लिए, मैंने आज शाम 6 बजे एक सर्वदलीय बैठक भी बुलाई है. मैं सभी भाइयों और बहनों से विनम्र अनुरोध करता हूं कि इस कठिन परिस्थिति में शांत रहें।”
प्रदर्शनकारियों ने भक्तपुर स्थित प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली के निजी आवास में तोड़फोड़ और आगजनी की। वीडियो में प्रदर्शनकारियों को ओली के घर में घुसते और तोड़फोड़ करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान वहां बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मी भी दिख रहे हैं।

