बाराबंकी में दर्दनाक हादसा, पिता और तीन मासूम बच्चों की मौत
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। फतेहपुर-भानोली रोड पर झांसा गांव के पास तेज रफ्तार डंपर ने सड़क किनारे सो रहे परिवार को कुचल दिया। हादसे में पिता और उसके तीन बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल है।
गर्मी और बिजली न होने से बाहर सोया था परिवार
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 35 वर्षीय नीरज, उसके बेटे 13 वर्षीय अनुराग और बेटियों 10 वर्षीय अंशिका व 6 वर्षीय अंशु के रूप में हुई है। नीरज की पत्नी 35 वर्षीय आरती गंभीर रूप से घायल हैं और लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल में इलाज चल रहा है।
परिजनों ने बताया कि भीषण गर्मी और बिजली कटौती के कारण परिवार ने घर के बाहर सड़क किनारे खाट लगाकर सोने का फैसला किया था। रात करीब 1-2 बजे महमूदाबाद की ओर से आ रहा तेज रफ्तार डंपर बेकाबू होकर पहले एक पेड़ से टकराया और फिर सो रहे परिवार पर चढ़ गया।
ड्राइवर हिरासत में, जांच शुरू
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने डंपर और ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि ड्राइवर गाड़ी में सो रहा था और स्टीयरिंग हेल्पर के हाथ में थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख, मुआवजे का ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये और घायल को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। साथ ही मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का भी आश्वासन दिया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

