मकड़ाई एक्सप्रेस 24 भोेपाल | शहर के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में स्थित कैलाश नगर निवासी 30 वर्षीय हिमांशु पुत्र महेंद्र सोनी ने शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे अपने घर में फांसी लगा ली। वह आइसीआइसीआइ बैंक में काम करता था। उसका दो साल का बच्चा भी है।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। इसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पत्नी, सास, ससुर और मामा ससुर को बताया है। लिखा है कि पत्नी आए दिन उसकी शिकायत करने थाने चली जाती है। वह मुझे और मेरे माता-पिता को जेल भिजवाने की धमकी भी देती रहती है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव मृतक के स्वजनों को सौंप दिया गया है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक हिमांशु का अपनी पत्नी से शुक्रवार को भी विवाद हुआ था। दोनों की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। पत्नी का आरोप है कि हिमांशु को सट्टा खेलने की लत थी, जिसमें वह काफी पैसा हार गया था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।