हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने बुधवार को छिदगांव स्थित गंजाल नदी के पुल, करताना से गोदड़ी के बीच रपटा एवं गोदड़ी नयागांव के बीच रपटा का निरीक्षण कर वहां बरसात के दौरान आवागमन की सुरक्षा व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होने पुल पुलियाओं पर आवश्यक सूचना बोर्ड एवं बेरीकेड लगाने के निर्देश दिये।
साथ ही कहा कि पुल पुलिया जल मग्न होने की दशा में पैदल अथवा वाहनों की आवाजाही सख्ती से रोकी जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होने करताना से गोदड़ी एवं गोदड़ी से नयागांव रपटा के उन्नयन का प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिये। ग्राम काथड़ी एवं गोदड़ी में बिजली की सप्लाई नहीं होने की शिकायत पर विभागीय कर्मचारी को ग्रामीणों की बिजली संबंधी समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिये गये।
छिदगांव टेमागांव मार्ग पर गड्ढों को भरने के भी कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारी को निर्देश दिये। इस दौरान एसडीएम टिमरनी श्री संजीव नागू, सीईओ जनपद पंचायत सुश्री चेतना पाटिल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

