हरदा : मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला हरदा द्वारा कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन की अध्यक्षता में जिला स्तरीय बैठक का आयोजन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में किया गया। बैठक में जिले में कार्यरत विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैठक में जिला समन्वयक श्री संदीप गौहर ने परिषद के उद्देश्यों एवं गतिविधियों पर विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया। उन्होंने बताया कि जनअभियान परिषद समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़कर जनभागीदारी के माध्यम से विकास कार्यों को गति दे रही है।
इस दौरान स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने कार्यों की जानकारी साझा की। इस दौरान ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के अंतर्गत बोरी बंधान, नर्सरी निर्माण तथा प्याऊ व्यवस्था जैसे कार्यों पर विशेष चर्चा की गई। बैठक में नवांकुर संस्थाओं द्वारा किए जा रहे प्रयासों को भी सराहा गया।
बैठक में एनजीओ डायरेक्टरी तैयार करने के विषय पर भी चर्चा हुई, जिससे सभी संस्थाओं के कार्यों का समन्वय बेहतर हो सकेगा इस संबंध में संस्थाओं के सर्वे प्रपत्र भरकर राज्य स्तर पर मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के राज्य कार्यालय पर भेजा जाएगा।
कलेक्टर श्री जैन ने जिले में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी देते हुए एनजीओ से सहयोग की अपील की। उन्होंने जनअभियान परिषद द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज के विकास में स्वयंसेवी संस्थाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर हरदा, टिमरनी एवं खिरकिया विकासखंड के समन्वयक, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा लगभग 40 स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

