हंडिया : शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हंडिया में भव्य सामूहिक गणतंत्र दिवस समारोह, मेधावी विद्यार्थियों का हुआ सम्मान,,,,,,
हंडिया।शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल हंडिया में गणतंत्र दिवस के अवसर पर सामूहिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें नगर के समस्त शासकीय व अशासकीय विद्यालयों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम के दौरान पूर्व प्राचार्य एवं नर्मदा मंदिर के सामने सड़क घाट नर्मदा जयंती सेवा समिति के अध्यक्ष स्व. एस.एस. खन्ना की स्मृति में विशेष पुरस्कार वितरण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर कक्षा 8वीं, 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले सात मेधावी छात्र-छात्राओं को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। नर्मदा जयंती सड़क घाट सेवा समिति के अध्यक्ष द्वारा घोषणा की गई कि यह पुरस्कार प्रतिवर्ष स्व. एस.एस. खन्ना की स्मृति में प्रदान किया जाता रहेगा।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम के दौरान समिति सदस्य प्रदीप तिवारी, जितेंद्र अग्रवाल, रमेश गुर्जर (हीरापुर), व्यास जी (हीरापुर), दुर्गेश अग्रवाल सहित अनेक समिति सदस्य, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, शिक्षा प्रोत्साहन और सामाजिक सहभागिता का सशक्त उदाहरण बना।

