HARDA : बाइक सवार ने महिला को मारी टक्कर, डायल 100 व 108 संजीवनी वाहन नही पहुँची समय पर, महिला की मौत
मकड़ाई समाचार हरदा। रहटगॉव तहसील के ग्राम पंचायत डेहरिया में शनिवार सुबह एक बाइक सवार ने महिला को टक्कर मारकर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को समय पर इलाज नही मिला दर्द से कराहती रही और दो घँटे बाद महिला ने दम तोड़ दिया। मिली जानकारी के अनुसार श्रीमती मनका बाई पति रामु कलम ग्राम डेहरिया में खेत से घर जा रही थी। तभी एक बाईक सवार ने टक्कर मार दी और उसकी हालत गंभीर हो गई।
महिला को गंभीर अवस्था मे देखकर जयस के ब्लॉक अध्यक्ष विनोद पदम के द्वारा सुबह साढ़े 7 बजे संजीवनी एंबुलेंस 108 और डायल 100 को फोन किया। लेकिन दोनो वाहन समय पर नहीं पहुंच पाए । दोनो वाहन सुबह 10:30 बजे गॉव पहुंचे। तब तक महिला की मौत हो गई। ग्रामीण महिला को नहीं बचा पाए। जयस ने स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग पर आरोप लगाया कि 108 व डायल 100 समय पर पहुंच जाती तो शायद उस महिला की मृत्यु ना होती। घटना को लेकर जयस जिलाध्यक्ष राकेश ककोडिया ब्लॉक अध्यक्ष टिमरनी विनोद पदम रामपाल धुर्वे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि वनांचल में आज भी लोग मूलभूत सुविधाओं के लिये तरस रहे है। वही जिला प्रशासन स्वास्थ्य जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्था ग्रामीण क्षेत्रो में आजादी के 75 वर्ष बाद भी नही दिलवा पा रहा है।