शौचालय विहीन परिवारों का चिन्हांकन कर पोर्टल पर दर्ज करें, अधूरे आवास शीघ्र पूर्ण कराएं – सीईओ जिला पंचायत
पंचायत एवं ग्रामीण विकास के कार्यों में प्रगति लाने के निर्देश
हरदा : मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा नरोत्तम भार्गव ने मंगलवार को टिमरनी जनपद पंचायत के सभागृह में पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, क्लस्टर प्रभारियों एवं उपयंत्रियों की समीक्षा बैठक आयोजित कर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ भार्गव ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत प्रत्येक ग्राम पंचायत में शौचालय विहीन परिवारों का चिन्हांकन कर उनकी जानकारी पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए।
साथ ही सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर प्रबंधन के लिए नवाचार आधारित कार्य करने को कहा। उन्होंने वीबी-जीराम जी योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा नवीन कार्य प्रारंभ करने, ग्राम पंचायतों में पेयजल के वैकल्पिक स्रोतों की मैपिंग करने और पेयजल टैंकरों की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों की जियो टैगिंग सुनिश्चित करने तथा अपूर्ण आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने पर विशेष जोर दिया।
सीईओ जिला पंचायत ने पंचायतों की नहरों से आने वाले पानी को व्यर्थ बहने से रोकने के लिए जल संरक्षण के उपाय अपनाने तथा मजरों-टोलों की कनेक्टिविटी के लिए ग्रेवल रोड निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने को कहा।
इसके अलावा पंचायतों में संपत्ति कर, जलकर एवं स्वच्छता कर की वसूली में प्रगति लाने तथा सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में ग्राम पंचायत भंवरास, गोंदागांव, तजपुरा, नया गांव एवं लछौरा में कार्यों की कम प्रगति पाए जाने पर संबंधित ग्राम पंचायतों के संबंध में कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टिमरनी को दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत हरदा प्रवीण कुमार इवने, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टिमरनी चेतना पाटिल, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा निशी बैस सहित जिला एवं जनपद पंचायत के अधिकारी उपस्थित थे।

