बीजिंग। नॉर्थ चीन के बाओडिंग शहर में पिछले 24 घंटे में 448.7 मिमी बारिश हुई, जो एक साल की औसत बारिश 500 मिमी के बराबर है। इस इंडस्ट्रियल शहर में बाढ़ आ गई है, जिसके कारण सड़कें डूब गई, रास्ते और पुल टूट गए और कुछ गांवों में बिजली भी गुल है। बाओडिंग में रेड अलर्ट जारी किया था।
बाओडिंग हेबेई प्रांत का हिस्सा है और राजधानी बीजिंग के पास है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक इस आपदा की वजह से 6 हजार घरों से 19 हजार से ज्यादा लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। हेबेई और शानक्सी प्रांत में बाढ़ से निपटने के लिए सरकार ने राहत सामग्री भेजी है, जिनमें 23 हजार इमरजेंसी किट और कंबल शामिल हैं। हेबेई में इमरजेंसी तैयारियों बढ़ा दी गई हैं।
बाओडिंग से 160 किमी दूर राजधानी बीजिंग में भी बारिश का खतरा बढ़ गया है। छह घंटे में 50 मिमी से ज्यादा बारिश हो सकती, जिससे अचानक बाढ़, भूस्खलन और अन्य दुर्घटनाएं हो सकती हैं। उत्तरी चीन के इनर मंगोलिया में भारी बारिश की वजह से कई पैंसेंजर ट्रेनें मंगलवार तक रद्द कर दी गई हैं। बाढ़ की वजह से लाखों लोगों के विस्थापन के संकट का सामना करना पड़ रहा है।
बता दें बाओडिंग के झुओझोउ इलाके को 2023 में भी भयानक बाढ़ से जूझना पड़ा था, इस बार फिर से 190 मिमी से ज्यादा बारिश की वजह से आफत में फंस गया है। कई पुल और सड़कें बंद हैं। सीएमए ने इस बारिश की तुलना 2023 के एक शक्तिशाली तूफान से की, जिसकी वजह से बीजिंग में 140 साल में सबसे बारिश हुई थी। वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तरी चीन में हाल के सालों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश जलवायु परिवर्तन से जुड़ी हो सकती है। हेबेई प्रांत में पिछले साल 640.3 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 26.6 फीसदी ज्यादा थी। 2020 से हर साल एवरेज से ज्यादा बारिश हो रही है। पिछले साल बाओडिंग और आसपास के शहरों में सामान्य से 40 फीसदी ज्यादा बारिश हुई थी।

