नई दिल्ली। एशिया कप में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला देखने को बेताब क्रिकेटप्रेमियों के लिए अच्छी खबर है। इसकी मेजबानी और शेड्यूल पर बात बन गई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड आगामी एशिया कप टी20 टूनार्मेंट की मेजबानी संयुक्त अरब अमीरात में करेगा। इसका शेड्यूल जल्दी ही जारी किया जा सकता है। एशियन क्रिकेट काउंसिल के सूत्रों ने यह जानकारी दी है।
एशिया कप 2025 की मेजबानी भारत को करनी है। पहलगाम आतंकी हमले और आपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव इसमें बाधा बन रही है। भारतीय बोर्ड पाकिस्तान से द्विपक्षीय सीरीज खेलना बंद कर रखा है। हालांकि, वर्ल्ड कप और एशिया कप जैसे मल्टीटीम इवेंट में दोनों टीमें टकराती रही हैं। पाकिस्तानी क्रिकेट टीम के भारत आने पर भी अलग-अलग कारणों से आशंका जताई जा रही है। बीसीसीआई ने इसका इलाज ढूंढ़ लिया है। उसने अपनी मेजबानी में सारे मैच यूएई में कराने का निर्णय लिया है।
सितंबर में खेला जाएगा टूनार्मेंट
एशिया कप की मेजबानी से जुड़े सवालों पर एसीसी की बैठक हुई। इसमें सभी 25 सदस्य देशों ने चर्चा की। बीसीसीआई की ओर से उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने वर्चुअल रूप से बैठक में भाग लिया। बैठक के बाद एसीसी के एक सूत्र ने कहा, बीसीसीआई एशिया कप की मेजबानी यूएई में करेगा। भारत अपने सभी मैच दुबई में खेलेगा। अभी शेड्यूल पर चर्चा चल रही है। टूनार्मेंट 5 से 21 सितंबर के बीच खेला जा सकता है।

