मकडा़ई एक्सप्रेस 24 शाहजहांपुर। कांट क्षेत्र के कमलनैयनपुर गांव में युवक गौतम मौर्य की हत्या के मामले में ददरौल विधायक अरविंद सिंह मंगलवार को पीड़ित परिवार को लेकर लखनऊ पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर घटना की जानकारी दी और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई मुलाकात के दौरान मृतक के पिता चंद्रपाल मौर्य और माता सत्यवती ने मुख्यमंत्री के सामने घटना का दर्द साझा किया। विधायक ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा परिवार को शासन स्तर पर हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए।
विधायक अरविंद सिंह ने बताया कि गौतम मौर्य की हत्या समीर अली और उसके साथियों द्वारा किए जाने का आरोप है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, त्वरित और कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

