बच्चों को अब जान जोखिम में डालकर नदी पार नहीं करनी पड़ेगी बंधेरा में आज से शुरू होगा हाई स्कूल वीडियो वायरल होने के बाद सरकार ने लिया फैसला
मकडा़ई एक्सप्रेस 24 विदिशा | बेतवा नदी के स्टॉप डैम के खुले पिलरों पर छलांग लगाकर स्कूल जाने को मजबूर ककरुआ और आसपास के 3 गांवों के बच्चों के लिए राहत की खबर है। राज्य सरकार ने बंधेरा गांव के मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नत कर दिया है।
बुधवार से बंधेरा में ही कक्षा 9वीं और 10वीं की पढ़ाई शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही अब बच्चों को पढ़ाई के लिए जान जोखिम में डालकर नदी पार नहीं करना पड़ेगा।
स्टॉप डैम के पिलरों पर होती थी रोजाना छलांग
ककरुआ गांव में 8वीं तक ही स्कूल है। इसके बाद बच्चों को 13 किमी दूर पलोह गांव जाना पड़ता था। दूरी कम करने के लिए छात्र बेतवा नदी के स्टॉप डैम से होकर जाते थे।
यहां कंक्रीट के सिर्फ 2 फीट चौड़े पिलर बने हैं। बच्चों को एक पिलर से दूसरे पिलर पर छलांग लगाकर नदी पार करनी पड़ती थी। इस रास्ते से दूरी घटकर डेढ़ किमी रह जाती थी।
ककरुआ के 2, इमलिया के 2 और बंधेरा के 5 बच्चे इस तरह रोजाना स्कूल जाते थे। बरसात में जब डैम पर पानी बहता और पिलर फिसलन भरे हो जाते तो खतरा और बढ़ जाता था।
वायरल वीडियो के बाद 3 दिन में हुआ हाई स्कूल का ऐलान
पिछले साल भी बच्चे इसी रास्ते से जाते थे। हाई स्कूल खोलने का प्रस्ताव पहले भी भेजा गया था लेकिन कम छात्र संख्या के कारण मंजूरी नहीं मिली।
3 दिन पहले बच्चों का स्टॉप डैम पार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसके बाद मामला देशभर में चर्चा में आया। अधिकारियों ने गांव का दौरा किया और 3 दिन के अंदर बंधेरा में हाई स्कूल खोलने की घोषणा कर दी।
रोजगार सहायक के अनुसार बंधेरा में हाई स्कूल शुरू होने से 7 गांवों के बच्चों को लाभ मिलेगा।
हाईकोर्ट ने लिया स्वत: संज्ञान
मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट ने स्वत: संज्ञान लिया। न्यायाधीशों की टीम ने मौके पर जाकर स्टॉप डैम और बच्चों के आवागमन मार्ग का निरीक्षण किया। टीम अब रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे सुरक्षित आवागमन के निर्देश जारी हो सकते हैं।
अधिकारी का बयान
जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने बताया कि “लोक शिक्षण संचालनालय से बंधेरा मिडिल स्कूल को हाई स्कूल में उन्नत करने के आदेश मिल गए हैं। 2 शिक्षकों की नियुक्ति भी कर दी गई है। बुधवार से यहां 9वीं-10वीं की कक्षाएं शुरू होंगी।”

