मकड़ाई एक्सप्रेस 24 रीवा । मोबाइल पर ऑनलाइन गेमिंग की लत युवाओं और किशोरों को किस कदर अपराध की ओर धकेल रही है, इसका एक सनसनीखेज उदाहरण रीवा में देखने को मिला। यहाँ एक नाबालिग बेटे ने गेमिंग में हारे हुए पैसे और कर्ज को चुकाने के लिए अपनी ही माँ के करीब 15 लाख रुपये के सोने के जेवर चोरी कर लिए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को पकड़ा और आभूषण बरामद कर लिए हैं।
शादी समारोह के दौरान हुई वारदात
जानकारी के अनुसार, सीधी जिले का रहने वाला एक परिवार रीवा में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने आया था। महिला अपने नाबालिग बेटे के साथ अपनी बहन के घर ठहरी हुई थी। शनिवार को शादी समारोह से लौटने के बाद महिला ने अपने सोने के जेवर उतारकर सुरक्षित रखे थे, जो कुछ ही देर बाद रहस्यमयी तरीके से गायब हो गए।
मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
जेवर गायब होने और साथ ही बेटे के लापता होने पर महिला ने चोरहटा थाना पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जब तकनीकी टीम की मदद से नाबालिग के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की, तो उसकी मौजूदगी सीधी जिले में मिली। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की।
गेमिंग का कर्ज बना चोरी का कारण
कड़ी पूछताछ में नाबालिग ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसने बताया कि वह लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग का आदी था।गेम में भारी रकम हारने के बाद उसने दोस्तों से काफी पैसा उधार ले लिया था। कर्जदारों के दबाव के कारण उसने अपनी माँ के जेवर चुराने की योजना बनाई। चोरी के बाद उसने गहने सीधी में अपने एक दोस्त के घर छिपा दिए थे।
मां की ममता ने दी ढील, पुलिस की हिदायत
पुलिस ने चोरी किए गए सभी जेवर बरामद कर लिए हैं। हालांकि, बेटे का भविष्य खराब न हो, इस डर से माँ ने उसके खिलाफ कानूनी केस (FIR) दर्ज कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद थाना प्रभारी आशीष मिश्रा ने जेवर महिला को सौंप दिए। पुलिस ने माता-पिता को सख्त हिदायत दी है कि वे बच्चे की गतिविधियों और इंटरनेट के उपयोग पर कड़ी नजर रखें ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

