जनगणना कार्य में कोई त्रुटि न हो
फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
हरदा : कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्यक्रम है। इस कार्य से जु़ड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा है कि जनगणना में कोई त्रुटि न हो। जनगणना के सभी आंकड़ों के संकलन का कार्य गंभीरता से किया जाए।
यह भी ध्यान रखा जाए कि संकलित आंकड़े पूरी शुद्धता से सामने आएं। कलेक्टर श्री जैन गुरूवार को जिला पंचायत के ई-दक्ष केन्द्र में फील्ड ट्रेनर्स के तीन दिवसीय प्रशिक्षण में संबोधित कर रहे थे। यह ट्रेनर्स अपने चार्ज क्षेत्र में जनगणना से जुड़े अमले को प्रशिक्षित करेंगे।
इस दौरान बताया गया कि जनगणना 2027 की तैयारियों के अंतर्गत हरदा जिले में कुल 24 फील्ड ट्रेनर नियुक्त किए गए हैं जो इसके उपरांत प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। मास्टर ट्रेनर एवं जिला प्रभारी सुश्री आयुषी भावसार तथा मास्टर ट्रेनर श्री योगेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा फील्ड ट्रेनर अधिकारियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
प्रशिक्षण में जनगणना कार्य की प्रक्रिया, डेटा संकलन, तकनीकी पहलुओं एवं संभावित समस्याओं के समाधान के संबंध में जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण में सभी फील्ड ट्रेनर्स को प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों द्वारा उपयोग किए जाने वाले मोबाइल एप के विषय में भी बताया जा रहा है एवं उसकी हैंड्स ऑन प्रैक्टिस भी कराई जा रही है। मोबाइल ऐप का उपयोग करके ही डाटा का संग्रहण किया जाएगा।
प्रशिक्षण के उपरांत फील्ड ट्रेनर्स द्वारा जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे जनगणना कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। उल्लेखनीय है कि जनगणना का कार्य 1 मई 2026 से प्रारंभ होगा, जिसमें चार्ज अधिकारी, फील्ड ट्रेनर एवं जमीनी अमले की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
जनगणना कार्य को सुचारू एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पूर्व तैयारी के रूप में यह प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के अंतिम दिवस जनगणना कार्य निदेशालय से संयुक्त निदेशक श्री रामावतार पटेल ने भी प्रशिक्षण प्रदाय किए। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्टर एवं जिला जनगणना अधिकारी सुश्री रजनी वर्मा सहित प्रशिक्षण से जुड़े अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।

