क्षमता वृद्धि कार्य के चलते 11 जुलाई को विभिन्न क्षेत्रों में रहेगी विद्युत आपूर्ति बाधित
हरदा : शहर में लगातार बढ़ रही विद्युत मांग को देखते हुए मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड द्वारा विद्युत अधोसंरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में 33/11 केवी हरदा शहर उपकेंद्र पर पावर ट्रांसफार्मर की क्षमता 8 एमवीए से बढ़ाकर 10 एमवीए तथा 33/11 केवी ग्वालनगर उपकेंद्र पर 5 एमवीए से बढ़ाकर 8 एमवीए की जा रही है।
इस क्षमता वृद्धि से शहरवासियों को कम वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग तथा ओवरलोडिंग जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी। साथ ही नए विद्युत कनेक्शनों एवं भविष्य की बढ़ती मांग के अनुरूप शहर की विद्युत व्यवस्था अधिक सुदृढ़ एवं विश्वसनीय बनेगी, जिससे उपभोक्ताओं को बेहतर एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा सकेगी।
इस कार्य के दौरान नए पावर ट्रांसफार्मर की स्थापना एवं संबंधित तकनीकी कार्य किए जाएंगे। इसके चलते आवश्यकता अनुसार शहर के विभिन्न फीडरों की विद्युत आपूर्ति कुछ समय के लिए बाधित रहेगी।
प्राप्त जानकारी अनुसार 11 जुलाई 2026 शनिवार को 33/11 केवी उपकेंद्र हरदा शहर से निर्गमित सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक बाधित रहेगी। इसी प्रकार 33/11 केवी उपकेंद्र ग्वालनगर से निर्गमित सभी फीडरों की विद्युत आपूर्ति दोपहर 1 बजे से सायं 6 बजे तक बाधित रहेगी।
कंपनी ने नागरिकों से सहयोग एवं असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए बताया है कि कार्य की प्रगति के अनुसार विद्युत अवरोध की अवधि में आवश्यकता अनुसार परिवर्तन किया जा सकता है।

