हरदा / मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायत उप निर्वाचन वर्ष 2025 के लिये निर्वाचन कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। जारी कार्यक्रम अनुसार मतदान 22 जुलाई को होगा।
संयुक्त कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानिय निर्वाचन श्री संजीव नागू ने बताया कि निर्वाचन की सूचना का प्रकाशन तथा नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने का कार्य 1 जुलाई से प्रारंभ होगा।
नाम निर्देशन पत्र 8 जुलाई को दोपहर 3 बजे तक लिये जायेंगे। नाम निर्देशन पत्रों की जांच 9 जुलाई को होगी। अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 11 जुलाई दोपहर 3 बजे तक है। इसी दिन निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन किया जायेगा। मतदान 22 जुलाई को सुबह से 7 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक होगा। पंच पद के लिये मतदान केन्द्र पर ही मतदान समाप्ति के तुरंत बाद 22 जुलाई को ही मतगणना होगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य की विकासखंड मुख्यालय पर मतगणना होगी एवं परिणाम की घोषणा 26 जुलाई को सुबह 8 बजे से होगी। पंच पद की मतदान केन्द्र पर की गई मतगणना का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा 29 जुलाई को होगी।
संयुक्त कलेक्टर श्री नागू ने बताया कि जिला हरदा अंतर्गत विकासखण्ड हरदा की 6 ग्राम पंचायतों, विकासखण्ड खिरकिया की 1 ग्राम पंचायत एवं विकासखण्ड टिमरनी की 32 ग्राम पंचायतों में निर्वाचन की कार्यवाही की जाएगी। उन्होने बताया कि आयोग की घोषणा के साथ ही संबंधित ग्राम पंचायतों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील हो गई है जो निर्वाचन की घोषणा तिथि तक प्रभावशील रहेगी।
उन्होने बताया कि जिन ग्राम पंचायतों में निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न होना है, उनमें विकासखण्ड खिरकिया की ग्राम पंचायत हसनपुरा, हरदा विकासखण्ड की ग्राम पंचायत बैड़ी, सोनखेड़ी, डगावानीमा, रैसलपुर, रोलगाव व कांकड़दा तथा टिमरनी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत कपासी, गुल्लास, बोरी, कचनार, राजाबरारी, सिरकम्बा, तजपुरा, नयागांव, गाड़ामोड़कला, करताना, नौसर, पोखरनी, मनियाखेड़ी, भादूगांव, टेमागांव, चन्द्रखाल, गाड़ामोड़खुर्द, आलमपुर, बड़झिरी, छिदगांवतमोली, गोंदागांवखुर्द, सोहागपुर, चारखेड़ा, टेमरूबहार, कायदा, धौलपुरकला, गोदड़ी, कुही (ग्वाड़ी), बांसपानी, बंशीपुरा, बोरपानी व लोधीढाना शामिल है।

