अंबिकापुर। ग्राम पासल से भाजपा नेता रहस्मय ढंग से लापता हो गए हैं। घर वाले गोली मारकर हत्या करने का संदेह जता रहे हैं। खून से लथपथ कपड़ा मिलने के बाद पुलिस भी इलाके में जांच पड़ताल तेज कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि गोली मारकर हत्या करने के बाद शव को कहीं छिपा दिया गया है। शव को घसीटकर ले जाने के निशान मिलने का दावा किया जा रहा है। एसडीओपी मंजुलता बाज के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी,कर्मचारी को जांच में लगाया गया है। मध्य प्रदेश के सिंगरौली निवासी एक व्यक्ति से भाजपा नेता का जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। उसी के द्वारा गोली मारकर हत्या करने की आशंका परिजन जता रहे हैं।
सूरजपुर जिले के चांदनी बिहारपुर थाना अंतर्गत ग्राम पासल निवासी शिवचरण काशी भाजपा नेता हैं। उनका सिंगरौली निवासी एक व्यक्ति से जमीन संबंधी विवाद चल रहा है। शनिवार की शाम जमीन को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हुई थी। इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। परिजनों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने की आशंका जताए जाने पर पुलिस बारीकी से छानबीन कर रही है। हत्या के बाद लाश कहीं छिपा दिए जाने का संदेह भी जताया जा रहा है।
सूचना मिलते ही चांदनी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहीं जिला मुख्यालय सूरजपुर की पुलिस टीम व अन्य आला अधिकारी भी जांच के लिए पहुंच चुके हैं।पुलिस मौके पर पहुंची तो भाजपा नेता का गमछा मिला जिस पर खून के धब्बे मिले, जो घटनास्थल के पास ही पड़े हुए थे। वहीं शव को घसीटकर कहीं ले जाने के निशान भी मिले हैं। पुलिस तलाश में जुटी हुई है। सूरजपुर पुलिस अधीक्षक राजेश कुकरेजा ने बताया कि जमीन विवाद पर बड़ी वारदात होने की सूचना मिली है। पुलिस टीम मौके पर छानबीन में लगी हुई है। परिजनों द्वारा दी जा रही जानकारी के आधार पर तलाश की जा रही है।