लखनऊ: केन्द्र की नरेन्द्र मोदी सरकार पर किसानों को छले जाने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने कहा कि किसान क्रांति यात्रा को दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत देने से मना करना अलोकतांत्रिक है। चौधरी ने जारी बयान में कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर राजधानी की सीमा पर पहुंची किसान क्रांति यात्रा को केन्द्र सरकार द्वारा दिल्ली में प्रवेश करने की इजाजत देने से मना करना अलोकतांत्रिक है और संवैधानिक व्यवस्था की हत्या है। देश की राजधानी, राजघाट या किसान घाट किसान के लिए बंद क्यों रहना चाहिए। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे सरकार सुनने के बजाय, गरीबों की आवाज दबाना चाहती है।
उन्होंने कहा कि देश का किसान बुरे दौर से गुजर रहा है। किसानों को ना गन्ने की फसल का भुगतान समय पर मिल रहा है और ना ही किसी फसल की उचित मूल्यों पर खरीद हो रही है। पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही वृद्धि से किसानों की कमर टूट गई है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसानों के नाम से चल रही अन्य योजनाएं या तो अव्यवहारिक है या फिर उनके क्रियान्वयन में भ्रष्टाचार व्याप्त है।