मकड़ाई समाचार इंदौर। पीपल्याहाना स्थित स्कीम नंबर-140 में कार चालक ने 15 वर्षीय निखिल वर्मा को टक्कर मार दी। उसे कार 50 फीट तक घसीटते हुए ले गई। निखिल के पैरों में चार फ्रैक्चर आए हैं। साथ में एक अन्य बच्चा भी घायल हुआ है। सूर्यसुखम कॉलोनी (मूसाखेड़ी) निवासी अनिल वर्मा के मुताबिक उनका बेटा निखिल कॉलोनी के अन्य बच्चों के साथ रोजाना मॉर्निंग वॉक पर जाता है। टहलने के बाद बच्चे खाली मैदान में खेलने लग जाते हैं। रविवार को निखिल के दोस्त अजय को उसका चाचा मनोज स्कूटर से लेने आया था। दोनों बच्चे मनोज के स्कूटर पर बैठे थे। तभी कार (एमपी-09-डब्ल्यूसी-0093) से चालक तेज रफ्तार में आया और टक्कर मार दी। अनिल के मुताबिक टक्कर के बाद भी कार नहीं रोकी और बच्चे को घसीटते हुए ले गया। कार परिवहन कार्यालय में कालिंदी कुंज (पिपल्याहाना) निवासी अनिरुद्ध डाबर के नाम से रजिस्टर्ड है।
एमवाय के बाहर छोड़ कर भागा चालक
शिकायतकर्ता अनिल वर्मा के मुताबिक कार चालक निखिल को महाराजा यशवंतराव (एमवाय) अस्पताल के बाहर छोड़ कर चला गया। जब वह उससे बात करने गया तो कहा जो करना हो कर लो। पुलिस के मुताबिक केस दर्ज कर जांच की जा रही है। मालूम हो कि शहर में तेज रफ्तार में लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने की शिकायतें बढ़ गई है। जिससे शहर के कई स्थानों पर दुर्घटना होती रहती है। कई बार वाहन चालकों की लापरवाही का खामियाजा जनहानि के रूप में भी भुगतना पड़ रहा है। पुलिस भी ऐसे वाहन चालकों पर कार्रवाई करने से बचती है।

