मकड़ाई समाचार भोपाल। कोहेफिजा थाना पुलिस ने एक तलाकशुदा महिला शिक्षक की शिकायत पर उसके दोस्त के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया है। फेसबुक पर दोस्ती होने के बाद युवक शादी का झांसा देकर शिक्षिका के साथ ज्यादती करने लगा था। इसके बाद शादी करने की बात से मुकर गया। पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है।
कोहेफिजा थाना पुलिस के मुताबिक कोलार थाना इलाके में रहने वाली एक 42 वर्षीय महिला शिक्षक है। पति से तलाक होने के बाद वह अपनी 11 साल की बेटी के साथ रहती है। महिला ने शिकायत में पुलिस को बताया कि आठ माह पहले फेसबुक पर उसकी परिचय सिंधी कालोनी में रहने वाले मोहित लालचंदानी से हुआ था। मोहित एक दवा कंपनी में प्रतिनिधि (एमआर) है। परिचय होने के बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत होने लगी। जुलाई माह में मोहित ने महिला को फोन कर मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे घुमाने के बहाने से कोहेफिजा थाना क्षेत्र में स्थित अपने दोस्त के फ्लैट पर ले गया। वहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर मोहित ने महिला को शीघ्र ही शादी करने का भरोसा दिया। इसके बाद वह महिला को दोस्त के फ्लैट में ले जाकर ज्यादती करने लगा। महिला जब भी शादी करने की बात कहती थी, तो वह टाल देता था। पिछले दिनों महिला ने मोहित से शादी के बारे में स्पष्ट बताने को कहा, तो उसनेसाफ मना कर दिया। उसने महिला से कहा कि उसके परिवार के लोग इस रिश्ते को स्वीकार नहीं करेंगे। महिला ने मोहित को काफी समझाने की कोशिश भी की, लेकिन वह नहीं माना। शिकायत की जांच के बाद मंगलवार रात को पुलिस ने मोहित के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।