मकड़ाई समाचार खंडवा । वह अपनी प्रेमिका के साथ रहना चाहता था लेकिन उसका पति उनके इस प्यार में रोड़ा बन गया था। इसके चलते प्रेमी ने अपने रास्ते से प्रेमिका के पति की गोली मारकर हत्या कर दी थी। कोर्ट में यह बात सिद्ध होने पर आरोपित प्रेमी युवक दर्शन सिंह को आजीवन कारावास की सजा दी गई। यह फैसला शुक्रवार को विशेष न्यायाधीश प्रकाश चंद्र आर्य ने दिया। न्यायालय ने उस पर एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
शासन की ओर से मामले की पैरवी करने वाले उप संचालक अभियोजन एमएल सोलंकी ने बताया कि राई खुटवाल गांव निवासी दर्शन पुत्र उदय सिंह और कल्पना पत्नी ठाकुर के बीच करीब दो साल से प्रेम प्रसंग था। ठाकुर और दर्शन की खेत पड़ोसी है। दरअसल, ठाकुर ग्राम लुन्हार का निवासी था। राई खुटवाल में उसकी ससुराल थी। ससुर मंगतु की मौत हो जाने के बाद से वह ससुराल में ही रह रहा था। उसे शंका थी कि उसकी पत्नी कल्पना और दर्शन सिंह के बीच प्रेम प्रसंग है। इसे लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इस बात को लेकर उसने अपनी पत्नी कल्पना के साथ मारपीट भी की थी। अपने साथ हुए इस दुर्व्यहार की बात कल्पना ने प्रेमी दर्शन को बताई थी। इसके बाद से दोनों ने ठाकुर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी। इसके बाद दर्शन ने भीकनगांव से 14 हजार रुपये देशी पिस्टल खरीदी।वह दोनों दर्शन की हत्या करने के लिए मौके की तलाश में थे। 9 अक्टूबर 2020 को दर्शन को ठाकुर की हत्या का मौका मिल गया। उसे कल्पना ने बताया कि उसका पति ठाकुर अपने दामाद के साथ रिश्तेदार के यहां सुरगांव बंजारी गया है। दोपहर में वह वापस आया। इसके बाद दर्शन सिंह बिना नंबर की बाइक लेकर अमलपुरा आ गया। यहां रास्ते में सड़क किनारे बैठकर उसने ठाकुर के आने का इंतजार किया। दोपहर करीब 12 बजे ठाकुर अपने दामाद के साथ बाइक से वापस आता हुआ दिखा। बाइक दामाद संजय चला रहा था। इसके बाद उसने उनकी बाइक के आगे जाते है पीछा किया और धरमपुरी फाटे के पास ठाकुर की कमर के पास गोली मार दी। इसके बाद वह घर आ गया था।