मकड़ाई समाचार दिल्ली| आज रामलीला मैदान में कांग्रेस विशाल ‘हल्लाबोल’ रैली का आयोजन करने जा रही है। जिसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही है और कांग्रेस नेताओं का दावा है कि इस रैली में इतने लोग जुटेंगे कि रामलीला मैदान छोटा पड़ जाएगा। इस रैली में कांग्रेस महंगाई, बेरोजगारी और जीएसटी के जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरती दिखेगी। इस रैली में शामिल होने के लिए देशभर से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच रहे हैं। आपको बता दें कि 7 सितंबर से राहुल गांधी के नेतृत्व में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ भी शुरू होने वाली है। माना जा रहा है कि इस रैली के माध्यम से कांग्रेस 2024 के आम चुनावों की तैयारियों का आगाज करने जा रही है।
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, रैली से पहले सुबह करीब 11 बजे पार्टी के कई वरिष्ठ नेता पार्टी मुख्यालय में एकत्रित होंगे। यहां ये सभी बसों में बैठकर रामलीला मैदान के लिए निकलेंगे। रविवार की रैली से पहले कांग्रेस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इसमें कांग्रेस के नेता के. सी. वेणुगोपाल ने बताया कि देशभर से लाखों पार्टी कार्यकर्ता और नेता इस रैली में हिस्सा लेंगे। साल 2021 के बाद से कांग्रेस लगातार महंगाई के मसले पर विरोध जता रही है। हम लगातार लड़ रहे हैं और महंगाई के खिलाफ लड़ाई जारी रखेंगे।