UP Polls Phase 1: उत्तर प्रदेश में 2022 विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 10 फरवरी को होने जा रहा है। पहले चरण में 11 जिलों की 58 सीटों पर प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी। 18वीं विधानसभा के गठन के लिए 10 फरवरी को होने वाले पहले चरण के मतदान वाले क्षेत्रों में चुनाव प्रचार का शोरगुल मंगलवार शाम छह बजे थम गया। पहले चरण में जिन जिलों में मतदान होना है उनमें शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा और आगरा हैं। पहले चरण में कुल 623 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। सबसे ज्यादा 15-15 उम्मीदवार मुजफ्फरनगर और मथुरा सीटों पर हैं। सबसे कम पांच प्रत्याशी अलीगढ़ की इगलास (सुरक्षित) सीट पर हैं।
UP Elections 2022: योगी सरकार के नौ मंत्रियों की होगी परीक्षा
पहले चरण में योगी सरकार के नौ मंत्रियों की भी परीक्षा होगी। इनमें चीनी उद्योग एवं गन्ना मंत्री सुरेश राणा, पशुधन मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अतुल गर्ग, वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिह, समाज कल्याण राज्य मंत्री जीएस धर्मेश, वन राज्य मंत्री अनिल शर्मा और जलशक्ति व बाढ़ नियंत्रण राज्य मंत्री दिनेश खटीक शामिल हैं। राजनीति में लंबी पारी खेलने वाले अवतार सिह भड़ाना, चौधरी बाबू लाल और उत्तराखंड की राज्यपाल रहीं बेबी रानी मौर्य का इम्तिहान भी पहले चरण में होगा। इसी चरण में कैराना सीट पर भी दिलचस्प जंग होगी।
2017 में पहले चरण की स्थिति
-
- कुल सीटें – 58
-
- भाजपा – 53
-
- सपा- 2
-
- बसपा- 2
-
- रालोद- 1
प्रचार थमते ही बढ़ी इंटरनेट मीडिया की निगरानी
पहले चरण का प्रचार थमने के साथ ही पुलिस ने शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए अपनी मुस्तैदी और बढ़ा दी है। खासकर इंटरनेट मीडिया पर दोहरी निगरानी की जा रही है। इंटरनेट मीडिया पर वायरल संदेशों पर नजर रखने के साथ ही पुलिस वाट््सएप ग्रुपों के जरिए अपना संवाद भी बढ़ा रही है। पुलिस आपत्तिजनक व भ्रामक संदेशों की निगरानी के लिए खास की-वर्ड का प्रयोग भी कर रही है। इस सूची में अब 10 फरवरी व 10 मार्च व ऐसे कुछ अन्य खास की-वर्ड भी शामिल हो गए हैं। डीजीपी मुख्यालय स्थित सोशल मीडिया सेंटर में आपत्तिजनक व भ्रामक संदेशों व वीडियो की निगरानी के लिए अलग टीम का गठन किया गया है।