हरदा : नवोदय विद्यालय पहुंचे कलेक्टर -एसपी, लॉकडाऊन के कारण घर नहीं जा पाए असम के बच्चों का बढाया हौसला !
हरदा। देशव्यापी लॉकडाऊन के कारण घर नहीं जा पाए असम के 23 बच्चों से मिलने कलेक्टर श्री अनुराग वर्मा एवं एसपी श्री मनीष कुमार अग्रवाल जवाहर नवोदय विद्यालय चारुवा पहुंचे। कलेक्टर श्री वर्मा ने बच्चों से बातचीत कर उनकी हौसलाअफज़ाई की। उन्होंने कहा कि परीक्षा खत्म होने पर भी आप लॉकडाऊन के कारण घर नहीं जा पाए हैं। आप बिलकुल घबराएं नहीं। जिला प्रशासन आपके साथ है। लॉकडाऊन खत्म होने पर जैसे ही ट्रेनें शुरू होगी आपको घर भेजा जाएगा। उन्होंने बच्चों को कैम्पस से बाहर ना निकलने की हिदायत देते हुए कहा कि आप यहां सुरक्षित है। यदि आप कोई सामान खरीदने बाहर निकलते हैं तो अन्य लोगों के संपर्क में आने से संक्रमण का खतरा होगा। किसी भी चीज़ की जरूरत पड़ने पर शिक्षकों को बताईये। कोई भी व्यक्ति कैम्पस के बाहर से आता है तो उससे दूरी बनाए रखें। उन्होंने स्कूल के प्राचार्य एवं स्टाफ से कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या होने पर जिला प्रशासन को अवगत कराएं। बच्चों के खान-पान एवं स्वास्थ्य का ध्यान रखें।पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने बच्चों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने एवं लॉक डाऊन की इस अवधि में हौसला बनाए रखने की बात कहीं।
एसडीएम श्री विष्णु यादव ने बताया कि विद्यालय परिसर में बच्चों के लिए भोजन आदि की सम्पूर्ण व्यवस्था है। प्राचार्य एवं शिक्षक भी परिसर में ही निवासरत है। उल्लेखनीय है कि जवाहर नवोदय विद्यालय में माइग्रेशन के तहत नवमी कक्षा के ये 23 बच्चें जवाहर नवोदय विद्यालय बरपेटा असम से चारुआ नवोदय विद्यालय में आए थे। लॉक डाऊन होने तथा ट्रेनें बन्द होने के कारण ये बच्चें वापस घर नहीं जा पाए हैं।

