9 स्क्रीनिंग शिविरों में 9589 दिव्यांगों की स्क्रीनिंग की
हरदा : सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन के निर्देशन में जिले में राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम के तहत आयोजित विशेष स्क्रीनिंग शिविरों का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। अभियान का अंतिम शिविर 13 मार्च को ग्राम पंचायत सोडलपुर में आयोजित किया गया।
उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री कमलेश सिंह ने बताया कि दिव्यांगों की पहचान और उन्हें शासन की योजनाओं से जोड़ने के लिए जिले के 09 विभिन्न स्थानों पर इन शिविरों का आयोजन किया गया था।
इस अभियान में जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र के अधिकारियों और विशेषज्ञों की टीम ने न केवल शिविरों में, बल्कि आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों, कॉलेजों और छात्रावासों में भी पहुंचकर सघन स्क्रीनिंग की। इस पूरे अभियान के दौरान कुल 9589 दिव्यांगों की स्क्रीनिंग दर्ज की गई है।
श्री सिंह ने बताया कि स्क्रीनिंग के बाद अब विभाग द्वारा चिन्हित किए गए हितग्राहियों के दिव्यांग सर्टिफिकेट तैयार करने की प्रक्रिया की जाएगी। प्रमाण पत्र बनने के बाद इन सभी पात्र हितग्राहियों को विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, सहायक उपकरणों और पेंशन स्कीमों का लाभ सीधे मिल सकेगा।

