हंडिया में डॉक्टर्स डे पर ब्रह्माकुमारी संस्थान ने किया चिकित्सकों का सम्मान, सेवा भावना को किया नमन
हंडिया।प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय आश्रम, हंडिया द्वारा बुधवार को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर क्षेत्र के शासकीय एवं निजी चिकित्सकों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारी भारती दीदी, ब्रह्माकुमारी आरती दीदी तथा क्षेत्र की जनपद सदस्य मंजू धनगर ने सभी चिकित्सकों का पुष्पगुच्छ एवं सम्मान-चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि डॉक्टर केवल एक पेशे से जुड़े व्यक्ति नहीं, बल्कि मानव सेवा के सच्चे साधक हैं। अपने ज्ञान, समर्पण और संवेदनशीलता के बल पर वे अनगिनत लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं। दिन-रात मरीजों की सेवा में समर्पित रहने वाले चिकित्सकों का समाज सदैव ऋणी रहेगा।
ब्रह्माकुमारी संस्थान की ओर से सभी चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य, सुखद जीवन एवं निरंतर सेवा कार्य के लिए ईश्वर से मंगलकामनाएं की गईं। साथ ही कहा गया कि डॉक्टरों के हाथों का हुनर और उनके हृदय की करुणा समाज के लिए अमूल्य धरोहर है। कार्यक्रम का उद्देश्य चिकित्सा जगत की सेवा भावना का सम्मान करना और समाज में उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करना रहा।

