हंडिया : हंडिया में स्वच्छता के नाम पर कार्रवाई, 50 से 250 रुपये जुर्माने से दुकानदारों में नाराजगी; सुनील वर्मा बोले—वसूली अनुचित
विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी ने उठाई फायर ब्रिगेड की मांग, एसडीएम बोले—हरदा से भेजी जाएगी गाड़ी
हंडिया। ग्राम हंडिया में आज सुबह करीब 11 बजे प्रशासनिक अमले ने स्वच्छता को लेकर बाजार क्षेत्र में निरीक्षण कर कार्रवाई की। एसडीएम अशोक डेहरिया के नेतृत्व में जनपद पंचायत सीईओ विश्वजीत पाटीदार, तहसीलदार विरेंद्र ऊईके तथा पंचायत सचिव ओमप्रकाश कलम सहित कई कर्मचारी गांव पहुंचे और दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को समझाइश देते हुए कई लोगों से 50 रुपये से लेकर 250 रुपये तक का जुर्माना वसूल कर रसीद काटी गई। जानकारी के अनुसार इस कार्रवाई में करीब 70 दुकानदारों से कुल ₹13,800 की वसूली की गई।
कार्रवाई के बाद कुछ दुकानदारों में नाराजगी भी देखने को मिली। मायरा जनरल स्टोर के संचालक सुनील वर्मा का कहना है कि जब टीम उनकी दुकान पर पहुंची तब दुकान पूरी तरह साफ-सुथरी थी और वहां डस्टबिन भी रखा हुआ था, इसके बावजूद उनसे जुर्माना लिया गया, जो उन्हें अनुचित वसूली लगता है।
वहीं कुछ अन्य दुकानदारों का कहना है कि ग्राम में नियमित रूप से सफाई नहीं होती है, लेकिन अधिकारियों द्वारा अचानक पहुंचकर जुर्माना लगाया जा रहा है, जिससे व्यापारियों में असंतोष है।
कार्रवाई के दौरान विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने गर्मी के मौसम और आगजनी की घटनाओं को देखते हुए हंडिया में फायर ब्रिगेड वाहन की व्यवस्था करने की मांग उठाई। इस पर एसडीएम अशोक डेहरिया ने कहा कि हरदा में दो फायर ब्रिगेड वाहन उपलब्ध हैं, जिनमें से एक वाहन हंडिया भेजने की व्यवस्था की जाएगी।

