हंडिया दस्तक अभियान का शुभारंभ:विधायक प्रतिनिधि तिवारी एवं बीएमओ डॉ. शैलजा ने बच्चों को पिलाई विटामिन ए की खुराक
हंडिया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे दस्तक अभियान की शुरुआत हो गई है।इसी के तहत आज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हंडिया अंतर्गत दस्तक अभियान का शुभारंभ विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी एवं मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ शैलजा महाजन द्वारा बच्चों को विटामिन ए की खुराक पिलाकर किया गया।डॉ महाजन द्वारा बताया गया कि दस्तक अभियान 22 जुलाई से 16 सितंबर तक चलाया जाएगा।जिसमें 0 से 05 वर्ष आयु तक के बच्चों की स्क्रीनिंग कर उनमें सेप्सिस निमोनिया कुपोषण एनीमिया तथा दस्त रोगों की जानकारी लेकर आवश्यक उपचार दिया जाएगा।
दस्तक टीम द्वारा ओ आर एस पैकेट एवं जिंक गोली के वितरण के साथ साथ आयरन दवा पिलाई जाएगी।साथ ही बच्चों की माताओं को ओ आर एस घोल तैयार करना,हाथ धुलाई,पूरक पोषण आहार,स्तनपान एवं कंगारू मदर केयर का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
अभियान के दौरान 27 दस्तक टीमों द्वारा 16000 बच्चों को सेवाएं प्रदान की जाएगी।दस्तक अभियान के शुभारंभ अवसर पर विधायक प्रतिनिधि अरुण तिवारी, मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ शैलजा महाजन,बीईई अजय उपाध्याय,आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नसीम बी सहित अनेक लोग मौजूद थे।
