मकड़ाई समाचार हरदा :- हरदा विधायक डॉ. रामकिशोर दोगने द्वारा म.प्र. के मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री एवं प्रमुख सचिव कृषि विभाग को पत्र प्रेषित कर हरदा जिले सहित प्रदेश के मक्का उत्पादक क्षेत्रों में मक्का फसल की समर्थन मूल्य पर तत्काल खरीदी प्रारंभ कराये जाने की मांग की है।
हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा प्रेषित किये गए पत्र में लेख किया है कि हरदा जिला एक प्रमुख कृषि प्रधान क्षेत्र है, जहाँ हजारों किसान व्यापक स्तर पर मक्का की खेती करते हैं तथा लाखों क्विंटल उत्पादन का अनुमान है। वर्तमान में बाजार में मक्का का विक्रय मूल्य शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य से कम चल रहा है।
जिससे किसानों को प्रति क्विंटल आर्थिक हानि उठानी पड़ रही है।
हरदा विधायक द्वारा यह भी बताया गया कि परिवहन, मजदूरी, उर्वरक एवं कीटनाशक की बढ़ती लागत के कारण उत्पादन लागत में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। ऐसी स्थिति में यदि समर्थन मूल्य पर शासकीय खरीदी शीघ्र प्रारंभ नहीं की गई तो किसानों को औने-पौने दाम पर अपनी उपज बेचने के लिए विवश होना पड़ेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति एवं आगामी फसल की तैयारी प्रभावित होगी।
इस हेतु हरदा विधायक डॉ. दोगने द्वारा मांग की गई है कि हरदा जिले सहित प्रदेश के मक्का उत्पादक क्षेत्रों में समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रारंभ करने हेतु संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए जाएं तथा पर्याप्त खरीदी केंद्र स्थापित कर पारदर्शी एवं सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सके।

