ग्रामीणों से नल जल योजनाओं के संचालन का फीडबैक लेने के निर्देश
हरदा / कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने सोमवार को जिला मुख्यालय पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग कार्यालय में संचालित जल परीक्षण प्रयोगशाला का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने प्रयोगशाला में प्राप्त होने वाले पेयजल के नमूनों के जाँच की प्रक्रिया देखी। साथ ही जाँच में पेयजल अशुद्ध पाये जाने की स्थिति में अपनाए जाने वाले उपायों की जानकारी ली।
जल जीवन मिशन अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित नल जल योजनाओं के संचालन की स्थिति पर भी कलेक्टर ने विभाग को सतत निगरानी रखने के निर्देश दिये। यहाँ संचालित कॉल सेंटर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि
ग्रामीणों से दूरभाष पर सम्पर्क कर योजनाओं के संचालन की स्थिति का फीडबैक प्राप्त किया जाए। ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त होने वाली पेयजल संबंधी शिकायतों का भी तुरन्त निराकरण किया जाए। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री बी.आर. उइके भी मौजूद थे।

